एशिया कप के बाद वेस्टइंडीज से भिड़ेगी टीम इंडिया, सामने आया कार्यक्रम
एशिया कप के तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट टीम अपने घर में वेस्टइंडीज का सामना करेगी.

एशिया कप के तुरंत बाद भारतीय क्रिकेट टीम अपने घर में वेस्टइंडीज का सामना करेगी. वेस्टइंडीज बोर्ड की ओर से दौरे का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. दौरे पर विंडीज भारत के खिलाफ दो टेस्ट, पांच वनडे और तीन टी 20 मैच खेलेगी.
28 सितंबर को एशिया कप का फाइनल है जबकि वेस्टइंडीज की टीम 26 सितंबर को भारत पहुंचेगी. दौरे की शुरुआत तो टेस्ट मैचों की सीरीज से होगा. जिसमें पहला टेस्ट 4 से 8 अक्टूबर को राजकोट में खेला जाएगा जबकि दूसरा और अंतिम टेस्ट 12 से 16 अक्टूबर को हैदराबाद में खेला जाएगा.
भारत और वेस्टइंडीज के बीच अब तक 94 टेस्ट मुकाबले हुए हैं जिनमें भारत को 28 मुकाबलों में जीत मिली है जबकि 30 बार उसे हार का सामना करना पड़ा है. दोनों देशों के बीच 46 टेस्ट का कोई नतीजा नहीं निकला.
टेस्ट मैच के पांच दिन बाद वनडे सीरीज की शुरुआत होगी. पहला वनडे 21 अक्टूबर को गुवाहाटी,दूसरा वनडे 24 अक्टूबर को इंदौर, तीसरा वनडे 27 अक्टूबर को पुणे, चौथा वनडे 20 अक्टूबर को मुंबई और पांचवां वनडे 1 नवंबर को तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा.
वनडे सीरीज के बाद तीनों मैचों की टी 20 सीरीज खेली जाएगी. विश्व चैंपियन के खिलाफ भारत का पहला टी 20 मुकाबला कोलकाता में 4 नवंबर को खेला जाएगा जबकि दूसरा मुकाबला 6 नवंबर को कानपुर या लखनऊ में से किसी जगह खेली जाएगी दौरे का अंतिम मुकाबला 11 नवंबर को चेन्नई में खेला जाएगा.
विंडीज बोर्ड ने दौरे के कार्यक्रम के साथ टेस्ट टीम का भी एलान कर दिया है. टीम की कमान जेसन होल्डर के हाथों में है. सुनील एम्ब्रिस की टीम में वापसी हुई है जबकि जोमेल वारिकैन टीम में दूसरे स्पिनर होंगे.
भारत के खिलाफ विंडीज की टेस्ट टीम - जेसन होल्डर (कप्तान) सुनील एम्ब्रिस, देवेंद्र बिशू, क्रेग ब्रैथवेट, रोस्टन चेस, शेन डोविच, शैनन गेब्रियल, जहांमर हैमिल्टन, शिमोन हेटमीर, शाई होप, अलज़ारी जोसेफ, केमो पॉल, कायरन पॉवेल, केमर रोच जोमेल वारिकैन


















