फिर से 'CSK' में वापसी को बेकरार पूर्व कप्तान एमएस धोनी!

नई दिल्ली: चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स पर लगा बैन आधिकारिक रूप से खत्म हो गया है. अब एक बार फिर से चेन्नई की टीम की आईपीएल के नए सीज़न में वापसी हो सकती है. इसके साथ ही टीम इंडिया के स्टार एमएस धोनी भी चेन्नई की वापसी से खुश हैं.
शुक्रवार को टीम की वापसी की घोषणा के बाद सीएसके के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने इंस्टाग्राम पर इस बात की जानकारी ही नहीं दी बल्कि एक शानदार पीले रंग की टी-शर्ट के साथ फोटो भी शेयर की है.
इस जर्सी पर 7 नंबर लिखा हुआ और साथ ही लिखा है, 'थला'. यानी लीडर या कहें बॉस. इतना ही नहीं कहा जा रहा है कि ये तस्वीर धोनी के नए घर की है. जहां पर उनके साथ उनका कुत्ता भी नज़र आ रहा है.
चेन्नई की टीम के बाहर होने के बाद राइज़िंग पुणे सुपरजाएंट की टीम ने धोनी को खरीदा था. लेकिन साल 2016 में वो अपनी टीम को प्लेऑफ में भी नहीं पहुंचा सके. जिसके बाद धोनी को साल 2017 के आईपीएल की कप्तानी से हटा दिया था. जिसके बाद आरपीएस की टीम आईपीएल के फाइनल में पहुंची थी और केवल एक रन के अंतर से मुंबई से हार गई.
साल 2008 में आइपीएल के पहले सत्र के साथ ही 2015 तक धोनी चेन्नई की टीम के कप्तान बने रहे. अब जब एक बार फिर चेन्नई अगले सीज़न में वापसी करने को बेकरार है तो उम्मीद की जा रही है कि वो फिर से चेन्नई की कमान संभालेंगे.
दरअसल इस पूरे मामले में चेन्नई सुपरकिंग्स क्रिकेट लिमिटेड के निदेशकों में से एक जार्ज जॉन ने कहा, ‘‘प्रतिबंध आधिकारिक रूप से खत्म हो गया. यह अच्छा है कि हम वापस आ गये हैं. जहां तक संभव होगा हम अपने उन्हीं खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ को बरकरार रखने की कोशिश करेंगे. ’’
टीम के मार्की खिलाड़ी एम एस धोनी के बारे में जॉन ने कहा, ‘‘हमें देखना होगा कि बीसीसीआई क्या करता है. अगर खिलाड़ियों को रिटेन करने का विकल्प होता है तो वह (धोनी) निश्चित रूप से होगा. ’’ धोनी ने 2008 में आईपील के शुरू होने के बाद से ही चेन्नई सुपरकिंग्स की अगुवाई की थी.
उन्होंने कहा, ‘‘हमने अभी तक धोनी से बात नहीं की है क्योंकि उनका पुणे के साथ अनुबंध इस साल के अंत में खत्म होगा. हालांकि जैसे ही हम अगले सत्र की योजना बनायेंगे, उनसे बात करेंगे. ’’ तब टीम को 2015 में प्रतिबंधित किया गया था, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान स्टीफन फ्लेमिंग मुख्य कोच थे जबकि एंडी बिकेल (गेंदबाजी कोच) और स्टीव रिक्सन (फील्डिंग कोच) सहयोगी स्टाफ का हिस्सा थे.


















