जहीर खान को गेंदबाजी कोच बनाने के फैसले पर BCCI ने मारी पलटी

नई दिल्ली: सीएसी और कोच को लेकर चल रहे विवाद में अब एक नया मोड़ा आ गया है. बतौर गेंदबाजी सलाहकार नियुक्त जहीर खान को लेकर बीसीसीआई ने स्पष्ट किया कि जहीर की नियुक्ति राहुल द्रविड़ की तरह ‘दौरा विशेष’के लिए हुआ है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी कहा कि जहीर और द्रविड़ दोनों की नियुक्ति नए मुख्य कोच रवि शास्त्री से सलाह के बाद की गई.
सौरव गांगुली, सचिन तेंदुलकर और वीवीएस लक्ष्मण वाली क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने नौ जुलाई को मुख्य कोच के पद के लिये पांच उम्मीदवारों का इंटरव्यू किया था. बीसीसीआई ने बिना फीस लिए इस काम को करने के लिए सीएसी का शुक्रिया अदा किया है.
बीसीसीआई ने एक प्रेस रिलीज जारी कर कहा, ‘‘बीसीसीआई क्रिकेट सलाहकार समिति के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करती है, जिसने भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच की चयन प्रक्रिया के लिये खुशी से सहमति दी. समिति के तीनों सदस्यों ने पूरी पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ यह काम पूरा किया.’’
प्रेस रिलीज के अनुसार, ‘‘रवि शास्त्री की सिफारिश उनके प्रेजेंटेशन के आधार पर की गई. उनके चयन पर फैसले के बाद सीएसी ने उनसे सलाह करने के बाद विदेशी दौरों के आधार पर और टीम की जरूरतों के हिसाब से बल्लेबाजी और गेंदबाजी सलाहकार रखने का फैसला किया.’’
इसके मुताबिक, ‘‘बीसीसीआई सीएसी की सेवाओं के लिये शुक्रिया करना चाहता है.’’ आपको बता दें कि इससे पहले सोमवार को नए कोच की घोषणा के वक्त बीसीसीआई ने साफ तौर से बताया था कि जहीर टीम के पूर्णकालिक गेंदबाजी कोच होंगे.
Source: IOCL















