IPL Auction 2018: पहले दिन के ऑक्शन में अनकैप्ड खिलाड़ियों पर हुई पैसे की बारिश
आईपीएल सीजन 11 के पहले दिन के ऑक्शन में टीम मालिकों ने जमकर पैसे खर्च किए. ऑक्शन के पहले दिन इंग्लैंड के बेन स्टोक्स सबसे महंगे खिलाड़ी रहे लेकिन भारतीय खिलाड़ी भी उनसे कमतर रहे.
बेंगलुरु: आईपीएल सीजन 11 के पहले दिन के ऑक्शन में टीम मालिकों ने जमकर पैसे खर्च किए. ऑक्शन के पहले दिन इंग्लैंड के बेन स्टोक्स सबसे महंगे खिलाड़ी रहे लेकिन भारतीय खिलाड़ी भी उनसे कमतर रहे. आईपीएल के इतिहास में क्रुणाल पांड्या सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए जिन्हें मुंबई इंडियंस ने राइट टू मैच (आरटीएम) कार्ड का इस्तेमाल कर 8.8 करोड़ रुपये में टीम के साथ जोड़ा है.
भारतीय अंडर-19 टीम के खिलाड़ियों के साथ घरेलू और विदेशी अनकैप्ड खिलाड़ियों के लिए लीग की आठ टीमों में बोली लगाने के लिए होड़ दिखी.
वेस्टइंडीज के नए खिलाड़ी जोफ्रा आर्चर को राजस्थान रॉयल्स ने 7.2 करोड़ रूपये में खरीदा. 22 साल का यह खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया के टी20 लीग बिग बैश में होबार्ट हरिकेन्स के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है. वह इंग्लैंड के प्रथम श्रेणी क्रिकेट में ससेक्स की टीम से खेलते हैं.
क्रुणाल के मुंबई इंडियंस टीम में जाने की संभावनाएं पहले से ही थी लेकिन इतनी बड़ी रकम के साथ नहीं. मुंबई इंडियंस ने उनके लिये राइट टू मैच का इस्तेमाल किया. इससे पहले राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच नीलामी में उनके लिये बोली लगायी. आईपीएल के अगामी सीजन में भी पंड्या बंधु (क्रुणाल और हार्दिक) मुंबई की ओर से खेलते दिखेंगे.
क्रुणाल से पहले पवन नेगी आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी थे जिन्हें 2016 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने खरीदा था.
अनकैप्ड खिलाड़ी में तीसरे सबसे महंगे खिलाड़ी झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन रहे जिन्हें मुंबई ने उनके आधार मूल्य 40 लाख रुपये से लगभग 15 गुणा अधिक 6.2 करोड़ रुपये में खरीदा.
ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के बल्लेबाज डिआर्की शार्ट को बिग बैश में अच्छी बल्लेबाजी का फल आईपीएल नीलामी में मिला जिन्हे टीम से जोड़ने के लिये राजस्थान ने 4.4 करोड़ रुपये खर्च किये.
अनकैप्ड खिलाड़ियों में बड़ी रकम हासिल करने वालों में पंजाब के तेज गेंदबाज सिद्धार्थ कौल (3.8 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद), दिल्ली के तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ( तीन करोड़, रायल्स चैलेंजर बेंगलूर), दिल्ली के बल्लेबाज नीतीश राणा ( 3.4 करोड़, केकेआर), बड़ौदा के दीपक हुड्डा(3.6 करोड़, आटीएम के जरीए सनराइजर्स हैदराबाद).
न्यूजीलैंड में अंडर-19 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को भी आईपीएल नीलामी में अच्छी रकम मिली.
अंडर-19 टीम के कप्तान और मुंबई के लिये रणजी में शतक लगा खेल चुके पृथ्वी शॉ को दिल्ली डेयरडेविल्स ने 1.2 करोड़ में खरीदा जबकि ओपनर बल्लेबाज शुभम गिल के लिये केकेआर ने 1.8 करोड़ रूपये खर्च किये.
विश्व कप में सबको प्रभावित करने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज कमलेश नागरकोटी को केकेआर ने 3.2 करोड़ रुपये में टीम के साथ जोड़ा. नागरकोटी का आधार मूल्य 20 लाख रुपये था.
नीलामी में कई और ऐसे खिलाड़ी है जिनकी जिंदगी में बदलाव आने वाला है. कुछ समय पहले तक गोवा में वेटर का काम करने वाले दिल्ली के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को आरसीबी ने 85 लाख रुपये में खरीदा. केरल के तेज गेंदबाज बासिल थंपी 95 लाख में बिके जिन्हे सनराइजर्स हैदराबाद ने खरीदा.
कर्नाटक के बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को किंग्स इलेवन पंजाब ने एक करोड़ तो वहीं पंजाब के सलामी बल्लेबाज मनन वोहरा को आरसीबी ने 1.1 करोड़ रुपये में टीम के साथ जोड़ा.


















