आईसीसी ने कोहली को सौंपी टेस्ट चैंपियनशिप गदा
आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली को प्रतिष्ठित आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप गदा सौंपी गई.
केपटाउन: आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में पहले स्थान पर काबिज भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली को प्रतिष्ठित आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप गदा सौंपी गई.
आईसीसी की ओर से क्रिकेट हॉल आफ फेम में शामिल सुनील गावस्कर और ग्रीम पोलाक ने टी-20 सीरीज में साउथ अफ्रीका पर भारत की जीत के बाद समारोह के दौरान कोहली को यह गदा सौंपी.
पिछले महीने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जोहान्सबर्ग में तीसरे टेस्ट में जीत के साथ भारत ने आईसीसी टेस्ट टीम रैंकिंग में पहले स्थान और 10 लाख डॉलर की इनामी राशि तय कर ली थी. इस जीत के साथ तय हो गया कि तीन अप्रैल की समय सीमा तक कोई टीम टेस्ट रैंकिंग में भारत को नहीं पछाड़ पाएगी.
भारत ने लगातार दूसरे साल यह अवॉर्ड जीता है और टीम अक्टूबर 2016 के बाद से पहले स्थान पर चल रही है. टीम कोहली की कप्तानी में इससे पहले भी दो बार जनवरी-फरवरी 2016 और अगस्त 2016 में टॉप पर पहुंच चुकी है.
भारत नंबर एक स्थान पर सबसे अधिक समय तक नवंबर 2009 से अगस्त 2011 के बीच रहा जब महेंद्र सिंह धोनी टीम के कप्तान थे.
इससे पहले आईसीसी चैंपियनशिप गदा स्टीव वॉ, रिकी पोंटिंग, माइकल क्लार्क, स्टीव स्मिथ, एंड्रयू स्ट्रास, ग्रीम स्मिथ और हाशिम अमला और मिसबाह उल हक को सौंपी जा चुकी है.
चैंपियनशिप गदा मिलने के बाद कोहली ने कहा, ‘‘एक बार फिर आईसीसी टेस्ट चैंपियनशिप गदा पकड़ना शानदार अहसास है जो खेल के टेस्ट फॉर्मेट में हमारी सफलता का सूचक है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले कुछ सालों में हमने टेस्ट मैचों में जैसा प्रदर्शन किया उस पर हमें गर्व है और हमारा प्रदर्शन हमारी रैंकिंग में झलकता है.’’
कोहली ने कहा, ‘‘मैं सभी खिलाड़ियों को धन्यवाद देता हूं जो इस दौरान हमारी टीमों का हिस्सा रहे और साथी ही सहयोगी स्टाफ का भी जिन्होंने हमारी सफलता में भूमिका निभाई और खेल के विभिन्न पहलुओं में मदद की. सभी दुनिया भर में समर्थन के लिए प्रशंसकों का भी आभार व्यक्त करता हूं.’’
















