BCCI ने फील्डिंग कोच के लिए मंगाए आवेदन, 2 पदों की नियुक्ति के लिए प्रोसेस शुरू
बीसीसीआई ने 2 पदों की नियुक्ति के लिए प्रोसेस शुरू कर दिया है, इसमें एक भारतीय महिला नेशनल टीम और एक पुरुष नेशनल टीम से जुड़ा पद है. बीसीसीआई ने जिम्मेदारी और योग्यता के बारे में डिटेल में बताया.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सीनियर वीमेन नेशनल टीम के लिए फील्डिंग कोच और सीनियर मेंस नेशनल टीम के लिए हेड फिजियोथेरेपिस्ट के पदों के लिए आवेदन मंगाए हैं. बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर इसकी जानकारी देते हुए अपने स्टेटमेंट में कहा कि इन पदों पर काम करने से राष्ट्रीय टीमों के साथ जुड़ने का मौका मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों के विकास, उनके प्रदर्शन को बेहतर बनाने और अपने-अपने क्षेत्रों में उच्च मानक स्थापित करने में योगदान दिया जा सकेगा.
भारतीय विमेंस नेशनल टीम के फील्डिंग कोच पर तीनों फॉर्मेट में टीम की फील्डिंग परफॉरमेंस को बेहतर बनाने और उसे मैनेज करने की जिम्मेदारी होगी. बीसीसीआई ने अपने स्टेटमेंट में इस पद की जिम्मेदारों के बारे में डिटेल में बताया.
कोच को एक विश्व-स्तरीय फील्डिंग यूनिट तैयार करने के लिए व्यापक फील्डिंग कार्यक्रम विकसित कर उसे लागू करना होगा. प्रैक्टिस और मैचों के दौरान फील्डिंग सत्र आयोजित करना, जिसमें कौशल विकास के लिए व्यक्तिगत कोचिंग भी शामिल हो. इसके आलावा निम्न जिम्मेदारियां होंगी-
खिलाड़ियों की खूबियों और कमियों का विश्लेषण करने, प्रदर्शन के लक्ष्य तय करने और मुख्य प्रदर्शन संकेतकों की निगरानी करने के लिए तकनीक का उपयोग करें.
मैच की अलग-अलग स्थितियों में फील्ड पर खिलाड़ियों के व्यक्तिगत योगदान का आकलन करें.
विभिन्न फॉर्मेट और खेलने की परिस्थितियों में फील्डिंग के एक समान मानक बनाए रखें; इसमें चोट या अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण खिलाड़ियों की उपलब्धता में बदलाव आने जैसी स्थितियां भी शामिल हैं.
क्या होनी चाहिए क्वालिफिकेशन
बीसीसीआई ने अपने स्टेटमेंट में बताया कि इस पद के लिए आवेदन के लिए क्वालिफिकेशन क्या होनी चाहिए. अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत या किसी अन्य देश का प्रतिनिधित्व किया हो,
या कम से कम BCCI लेवल 'B' कोचिंग सर्टिफिकेशन (या किसी प्रतिष्ठित संस्था/संस्थान से इसके समकक्ष कोई सर्टिफिकेशन) प्राप्त हो, और कम से कम 30 फर्स्ट-क्लास (FC) मैच खेले हों.
या किसी अंतर्राष्ट्रीय टीम को कम से कम एक संस्करण के लिए, या किसी T20 फ्रेंचाइजी या राज्य स्तरीय टीम को कम से कम दो सीजन के लिए कोचिंग दी हो.
फिजियोथेरेपिस्ट की क्या होंगी जिम्मेदारियां
बोर्ड ने बताया कि हेड फिजियोथेरेपिस्ट भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों को चोट के प्रबंधन, चोट से बचाव और प्रदर्शन में सुधार से जुड़ी सेवाएं प्रदान करेंगे. इस भूमिका में, उन्हें बीसीसीआई की स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन टीम के भीतर काम करना होगा. इसमें उन्हें 'हेड स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिसिन', बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, कोचिंग स्टाफ और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग प्रोफेशनल्स के साथ मिलकर काम करना होगा.
मुख्य जिम्मेदारियां
मैच के दिन खिलाड़ियों को फिजियोथेरेपी सेवाएं और चोटों के प्रबंधन एवं रोकथाम में दैनिक सहायता प्रदान करें.
खिलाड़ियों की फिटनेस और उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत उपचार सत्र, मस्कुलोस्केलेटल स्क्रीनिंग और चोट के जोखिम का आकलन करें.
चोटों की रोकथाम, रिकवरी और प्रदर्शन में सुधार के कार्यक्रमों के लिए चिकित्सा और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग विशेषज्ञों के साथ सहयोग करें.
चोटों का शीघ्र निदान करें और साक्ष्य-आधारित उपचार, पुनर्वास और खेल में वापसी की योजनाएं विकसित करें.
खिलाड़ियों के कार्यभार की निगरानी करें, नैदानिक रिकॉर्ड बनाए रखें और प्रशिक्षण, अभ्यास और मैच के दिनों के लिए खिलाड़ियों की उपलब्धता रिपोर्ट प्रदान करें.
अनुसंधान एवं विकास, व्यावसायिक शिक्षा और नैदानिक प्रोटोकॉल में सुधार के लिए योगदान दें.
समय पर उपचार और निरंतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए संबंधित चिकित्सा विशेषज्ञों और राज्य टीम के फिजियोथेरेपिस्टों के साथ समन्वय करें.
योग्यता
स्पोर्ट्स या मस्कुलोस्केलेटल फिजियोथेरेपी, स्पोर्ट्स एंड एक्सरसाइज मेडिसिन, या स्पोर्ट्स रिहैबिलिटेशन में विशेषज्ञता के साथ पोस्टग्रेजुएट योग्यता.
एलीट एथलीटों या टीमों (विशेष रूप से हाई-परफॉरमेंस स्क्वॉड) के साथ काम करने का अनुभव.
फिजियोथेरेपी सेवाएं प्रदान करने का कम से कम 10 वर्षों का अनुभव.
मस्कुलोस्केलेटल और स्पोर्ट्स इंजरी के डायग्नोसिस (निदान), डिफरेंशियल डायग्नोसिस, रेडियोलॉजिकल समझ, और चोट के शुरुआती तथा अंतिम चरणों के प्रबंधन में व्यापक अनुभव.
पिछले दो वर्षों के भीतर 'एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट' और 'ट्रॉमा मैनेजमेंट' का प्रशिक्षण पूरा किया हो; यह योग्यता काम शुरू करने से पहले होनी चाहिए.
बीसीसीआई ने बताया कि दोनों पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 16 नवंबर, 2026 है. शाम शाम 5:00 बजे तक अवदान भेजा जा सकता है. आवेदनों की स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्टिंग के बाद, उम्मीदवारों को आगे के मूल्यांकन के लिए इंटरव्यू के लिए बुलाया जा सकता है.

















