दिल की बीमारी से जूझ रही 6 साल की बच्ची की मदद के लिए आगे आए योगी आदित्यनाथ

बरेली: यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने तीन तलाक से पीड़ित महिला की बेटी की मदद का एलान किया है. तीन तलाक से पीड़ित महिला अफरोज ने अपनी बेटी के इलाज के लिए मदद मांगी थी. योगी ने इस महिला की 6 साल की बेटी आयरा के इलाज का खर्चा उठाने का एलान किया है.
छह साल की आयरा दिल में छेद होने की गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं. इस बीमारी की वजह से आयरा की जिंदगी खतरे में आ गई थी. इसी गंभीर बीमारी के लिए आयरा की मां ने अपनी बेटी के इलाज के लिए योगी आदित्यनाथ से मदद की गुहार लगाई थी.
योगी सरकार से मदद मिलने के बाद अब आयरा का इलाज एम्स में होगा. आयरा के दिल में छेद होने की वजह से ही उसके पिता ने उसकी मां को तीन तलाक दिया है.
आयरा की मदद की गुहार लेकर योगी सरकार के पास जाने वाली समाजसेवी निदा खान तीन तलाक के मुद्दे पर योगी सरकार के रुख की जमकर तारीफ कर रही है.
















