कहां हैं तेजस्वी यादव? इस पर आरजेडी नेताओं की अलग-अलग राय
दो जून को जब राबड़ी देवी ने इफ्तार पार्टी दी थी तब भी तेजस्वी यादव उसमें शरीक नहीं हुए थे. इसके अलावा 11 जून को अपने पिता लालू यादव के जन्मदिन के अवसर पर भी वे नहीं दिखे.

पटना: बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव के राज्य में नहीं होने के बारे में उनकी पार्टी के नेताओं की अलग अलग राय है. बड़ी संख्या में बिहार में एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से बच्चों मौत की खबरों के बीच राजनीतिक परिदृश्य से गायब रहने के बारे में पूछे जाने पर आरजेडी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने बुधवार को कहा कि हो सकता है कि वह विश्व कप देखने गए हों.
चमकी बुखार से बिहार में 100 से अधिक बच्चों की मौत होने जाने के बाद भी तेजस्वी की तरफ से कोई टिप्पणी नहीं आने के बारे में पूछे जाने पर रघुवंश ने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि तेजस्वी कहां हैं. उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता कि वह अभी कहां हैं पर हमारे अनुमान के अनुसार क्रिकेट का जो विश्व कप मैच चल रहा है, उसे देखने गए होंगे लेकिन इस बारे में आश्वस्त नहीं हूं.
इससे पहले कल आरजेडी के वरिष्ठ नेता भाई वीरेंद्र ने कहा था कि तेजस्वी की तबीयत अभी नासाज है इसलिए वे दिल्ली से नहीं आ सके हैं. यह पूछे जाने पर तेजस्वी की कितने दिनों से तबीयत खराब है, वीरेंद्र ने कहा था कि वह तारीख नहीं बता सकते पर उनकी तबीयत कुछ नासाज है.
गौरतलब है कि तेजस्वी दो जून को अपनी मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी की ओर से आयोजित इफ्तार पार्टी और 11 जून को पिता और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद के जन्मदिवस के अवसर पर वे मौजूद नहीं थे.
यह भी देखें
Source: IOCL

























