यूपी चुनाव: मायावती के जन्मदिन पर शुरू होगा BSP का डिजिटल प्रचार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री औऱ बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती के जन्मदिन 15 जनवरी पर इस बार विधानसभा चुनाव का आगाज बीएसपी की तरफ से किया जाएगा. बीएसपी सूत्रों का दावा है, "बहनजी के जन्मदिन के मौके पर ही इस बार डिजिटल प्रचार अभियान की शुरुआत की जाएगी."
कैसे एक अच्छी शासक रही हैं मायावती ?
बीएसपी के एक पदाधिकारी ने नाम जाहिर न करने की शर्त पर बताया कि 15 जनवरी को पार्टी अध्यक्ष के जन्मदिन के मौके पर पार्टी ने सोशल मीडिया पर डिजिटल कैंपेन के लिए ऑडियो-वीडियो सीडी और पोस्टर तैयार कराए हैं. इन सीडी और पोस्टरों में बताया गया है कि कैसे मायावती एक अच्छी शासक रही हैं.
'बहन जी को आने दो' शीर्षक से ऑडियो-वीडियो सीडी भी तैयार
सूत्रों के मुताबिक, मायावती ने इस बार एसपी, बीजेपी और कांग्रेस को सोशल मीडिया पर मात देने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को खुली छूट दे रखी है. पार्टी ने मायावती की रैली को बड़े स्क्रीन पर लाइव दिखाने का भी प्लान बनाया है. इतना ही नहीं, पार्टी ने 'बहन जी को आने दो' शीर्षक से ऑडियो-वीडियो सीडी भी तैयार कराई है.
एसपी के शासन में अराजकता, लूट और गुंडागर्दी
'सपनों को पंख लगाने दो, बहन जी को आने दो' कैंपेन वीडियो को बॉलीवुड सिंगर कैलाश खेर ने आवाज दी है. इस वीडियो में मायावती के शासन में 'सुशासन' की बात कही गई है और एसपी के शासन में अराजकता, लूट और गुंडागर्दी से जनता की परेशानी दिखाई गई है.
Source: IOCL
























