लालू यादव आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वही रहेंगे- तेजप्रताप यादव
दरअसल राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा है कि तेजप्रताप यादव और तेजस्वी यादव दोनों की नजरें पार्टी के अध्यक्ष पद है. इस वजह से ही दोनों भाइयों के बीच नहीं बन रही है. तेजप्रताप ने कहा कि उनके पिता लालू यादव अध्यक्ष हैं और वही रहेंगे.

पटना: आरजेडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव पर तेजप्रताप यादव ने बड़ा बयान दिया है. तेजप्रताप ने कहा कि उनके पिता लालू यादव पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और वही राष्ट्रीय अध्यक्ष रहेंगे. दरअसल राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा है कि दोनों भाइयों तेजस्वी यादव और तेजप्रताप यादव की नजर राष्ट्रीय अध्यक्ष की कुर्सी पर है इसलिए दोनों में बन नहीं रही है.
वहीं आज पटना में पार्टी के सदस्यता अभियान को लेकर हुई बैठक में शामिल नहीं होने पर तेजप्रताप ने कहा कि वे अभी दिल्ली में थे इसलिए बैठक में शामिल नहीं हो पाए. तेजस्वी यादव भी बैठक में शामिल नहीं हुए. इसपर तेजप्रताप ने कहा कि तेजस्वी से दिल्ली में उनकी मुलाकात हुई है.
उधर आरजेडी नेताओं को तेजस्वी यादव की लुका-छिपी पसंद नहीं आ रही है. आरजेडी के कद्दावर नेता रघुवंश सिंह ने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा कि अब वह सीएम पथ की शपथ लेने ही आएंगे. आज पटना में राबड़ी आवास पर बैठक चल रही थी. बैठक में सब तेजस्वी को ढूंढ़ रहे थे लेकिन दोनों भाई गायब थे. मीडिया के सवालों से बौखलाए रघुवंश सिंह ने ताना मार दिया. रघुवंश सिंह से पूछा गया कि तेजस्वी कब आएंगे तो कहा कि जब शपथ ग्रहण होगा तब उनको खोजा जाएगा.
हालांकि तेजस्वी और तेजप्रताप का बचाव करते हुए उन्होंने ये भी कहा कि सब लोगों के पास अपना अपना काम है. वो हर मोर्चे पर लगे हुए हैं. हमारा मकसद सिर्फ चुनाव में जनता के बीच जाना हैं और सरकार को पछाड़ना है. हम संघर्ष की तैयारी कर रहे हैं. मिलाजुला कर दोनों सरकार से संघर्ष में जुटे हैं.






















