मथुरा में जन्माष्टमी पर लगा श्रद्धालुओं का तांता, सीएम योगी आदित्यनाथ का दौरा रद्द
जन्माष्टमी का त्यौहार पूरे यूपी में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. इस मौके पर पूरी मथुरा नगरी को सजाया गया है.

मथुरा: जन्माष्टमी का त्यौहार पूरे यूपी में हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. लोगों ने व्रत रखा है जिसे रात 12 बजे खोला जाएगा. इस बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपना मथुरा दौरा रद्द कर दिया है और दिल्ली रवाना हो गए हैं. गौरतलब है कि पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली का एम्स में आज निधन हो गया था.
आपको बता दें कि जन्माष्टमी के अवसर पर मथुरा में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. जल्द से जल्द कान्हा की एक झलक पा लेने की चाहत में श्रद्धालु श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर की ओर जाते नजर आए. ब्रजवासी भी कृष्ण के जन्म की खुशी मनाने में किसी से पीछे नहीं रहे. पूरी मथुरा नगरी को सजाया गया है.
एक दर्जन स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशेष मंच बनाए गए हैं. पूरे शहर में जगह-जगह भोग-प्रसाद की छबीलें लगाई गई हैं और ब्रज के घर-घर में व्रत रखकर खुशियां मनाई गईं.
श्रीकृष्ण जन्मस्थान मंदिर परिसर, ठा. द्वारिकाधीश मंदिर, वृन्दावन के ठा. गोदारंगमन्नार मंदिर, इस्कॉन के कृष्ण-बलराम मंदिर आदि अनेक मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया. दो दिन पहले से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा था.
शहर में दो अलग-अलग झांकियां निकाली गई, जिनका श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और आरती कर भव्य स्वागत किया. शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों, उनकी लीलाओं, जीवन दर्शन संबंधित तथा अन्य देवी-देवताओं की भी झांकियां निकाली गईं.
जिलाधिकारी सर्वज्ञराम मिश्र और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शलभ माथुर, श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर व अन्य संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लेते रहे. आगरा रेंज व जोन के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार संपर्क में बने रहकर पल-पल की स्थिति की जानकारी लेते रहे.
#WATCH: 'Aarti' being performed at Krishna Janmabhoomi Temple in Mathura on #Janmashtami. pic.twitter.com/gntrKAKTyL
— ANI UP (@ANINewsUP) August 24, 2019
Source: IOCL

























