मुजफ्फरपुर: रेलवे प्लेटफॉर्म पर पानी की मशीन की आड़ में चल रहा था शराब ब्रिकी का धंधा, वेंडर गिरफ्तार
रेल पुलिस और रेलवे के सीनियर अधिकारियों की नाक के नीचे शराब ब्रिकी का खेल किया जा रहा था. पुलिस को गुप्त जानकारी मिली. जिसके बाद छापेमारी की गई. छापेमारी में शराब की कई बोतलें जब्त की गईं और वेंडर को गिरफ्तार कर लिया गया है.

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फपुर जिले स्थित मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पर शराब बेचने का धंधा चल रहा था. प्लेटफॉर्म नंबर एक पर आईआरसीटीसी के वेंडरों द्वारा पानी के साथ-साथ शराब बेची जा रही थी. पुलिस को गुप्त जानकारी मिलने के बाद छापेमारी कर वेंडर को गिरफ्तार कर लिया गया. इसके साथ ही शराब की कई बोतलों को जब्त किया गया है.
रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की प्यास बुझाने के लिए सरकार द्वारा निजी संस्थाओं के माध्यम से मिनरल वाटर की व्यवस्था की गई है ताकि लोगों तक सस्ती दरों में शुद्ध पानी मिल सके. वहीं रेल पुलिस और रेलवे के वरीय अधिकारियों की नाक के नीचे शराब माफियाओं द्वारा शराब की बिक्री का खेल किया जा रहा था. प्लेटफॉर्म पर जहां पानी की मशीन है उसके एक ओर रेलवे के वरीय अधिकारी की कार्यालय है, वहीं दूसरी ओर आरपीएफ की पोस्ट है. इन दोनों के बीच खुलेआम आईआरसीटीसी के वेंडर के द्वारा शराब का कारोबार किया जा रहा था. इसकी सूचना जीआरपी को मिली और कार्रवाई के दौरान शराब की कई बोतले मिलीं. साथ ही वेंडर को गिरफ्तार कर लिया गया है.
रेल एसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर वाटर वेंडिंग मशीन के ऑपरेटर के द्वारा शराब का कारोबार किया जा रहा है. गुप्त सूचना के आधार पर आज इस जगह पर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान वाटर वेंडिंग मशीन में रखे विदेशी शराब को जब्त कर लिया गया है. साथ ही वेंडिंग मशीन के ऑपरेटर विनोद सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. वेंडिंग मशीन को सील कर दिया गया है. संबंधित विभाग को भी इस मामले के बारे में चिट्ठी लिखी जाएगी.
Source: IOCL



























