गिरिराज सिंह का नाम लिए बिना बोले चिराग पासवान, अगर मेरी पार्टी के किसी नेता ने ऐसा बयान दिया तो खैर नहीं
बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट यात्रा से पहले लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और अपनी यात्रा के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बीजेपी नेता गिरिरिज सिंह के बयान पर असहमति भी जताई.

पटना: लोक जनशक्ति पार्टी नेता चिराग पासवान ने बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट यात्रा से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इस दौरान उन्होंने बीजेपी नेता गिरिराज सिंह का नाम लिए बगैर कहा कि अगर मेरी पार्टी में किसी ने ऐसा बयान दिया तो खैर नहीं होगी. उन्होंने कहा, बीजेपी के कुछ भड़काऊ भाषण देने वाले नेताओं की वजह से ही पार्टी दिल्ली में चुनाव हारी है.
गिरिराज सिंह के बयान पर चिराग पासवान ने कहा, "गठबंधन में ऐसे कई नेता हैं, जिनके बयानों से मैं सहमत नहीं हूं. दिल्ली चुनाव प्रचार के दौरान भी कई ऐसे नेताओं के द्वारा दिए गए भाषण से या बयान से लोक जनशक्ति पार्टी सहमत नहीं है. लोक जनशक्ति पार्टी का कोई नेता इस तरह की बात करेगा तो मैं जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हूं, उस पर कार्रवाई करने के लिए तैयार हूं. अगर आप गठबंधन में हैं और गठबंधन में कही गई बातों से सभी सहमत हों, ये जरूरी नहीं है. इस वाली बात से मैं पूरी तरह से असहमत हूं. इस तरह की विभाजनकारी या देश को बांटने वाली किसी भी वक्तव्य का लोक जनशक्ति पार्टी समर्थन नहीं करती है."
'अपने विजन के साथ जनता के बीज जाएंगे'
पासवान ने कहा, "लोक जनशक्ति पार्टी अपनी विचारधारा और अपने विजन के साथ जनता के बीच जा रही है. जब जब विवादित बयानों से मुझे ऐतराज हुआ है उतनी ही बार प्रमुखता से मैंने अपनी बातों को रखा है. आगे भी कभी भी अगर चुनाव के बीच भी मुझे लगता है कि ऐसे बयानों की जरूरत नहीं है. तो उस वक्त भी उन बातों का खंडन करूंगा."
'आज बिहार में विकास की हो रही चर्चा'
चिराग पासवान ने आगे कहा, कहा, "मुझे खुशी इस बात की है आज बिहार में विकास की चर्चा हो रही है, नहीं तो इससे पहले जात-पात,धर्म पर चुनाव लड़ भी लिया जाता था और जीत भी जाते थे. मुझे खुशी है कि हम लोग विकास की बात कर रहे हैं. मुझे नहीं पता कि दूसरों का क्या एजेंडा है, लेकिन हमने बहुत पहले से बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट की आप लोगों से चर्चा कर दी है. अब इसे देख कर और कोई सामने आना चाहता है, जुड़ना चाहता है तो अच्छी बात है. जब आप अलग-अलग जगहों पर जाते हैं तो उनके साथ रह कर उनको अपनी सोच बताते हैं. तो आप उनकी सोच से जुड़ते है.'बिहार को बनाना नंबर वन'
बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट यात्रा का जिक्र करते हुए पासवान ने कहा, "हम यात्रा पर निकल रहे हैं शिकायत तो यही होती थी ना कि नेता लोग निकलते नहीं है, अच्छी बात है जितने भी बाकी सब लोग निकलें. जनता के बीच जाएं. अब पूरी तरह से अपनी बातों को लेकर जनता के बीच समर्पित कर देना चाहिए. क्योंकि यही हमारी सोच है. मुझे दूसरों का नहीं पता कि कौन वोट की यात्रा कर रहा है कौन नहीं. मैं एक सकारात्मक यात्रा की बात कर रहा हूं. लोक जनशक्ति पार्टी लोगों को बरगलाने, उकसाने के लिए नहीं है. मैं बिहार को नंबर वन बनाना चाहता हूं और यही मेरा रोडमैप है. बाकी लोगों का क्या रोडमैप है मुझे नहीं पता."
ये भी पढ़ें
बिहारः प्रशांत किशोर पर नरम दिखे चिराग पासवान, कहा- तेजस्वी से मेरी प्रतिस्पर्धा नहीं तमिलनाडु बीजेपी नेता का अजीब बयान, गुजरात में बताया कांग्रेस का शासन





















