बरेली: एक साथ हुआ 58 हिन्दू, मुस्लिम और सिख लड़कियों का विवाह, निकली बारात तो देखते रह गए लोग
साईं मंदिर से अलग-अलग घोड़ियों पर सवार 58 दूल्हों के साथ जब बारात निकली तो देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. बैंड बाजों की धुन पर बाराती नाचते गाते हुए कम्पनी गार्डन पहुंचे. समाजसेवी पंडित सुशील पाठक ने एक साथ सभी 58 कन्याओं का कन्यादान करके एक पिता का फर्ज अदा किया.

बरेली: सामूहिक विवाहों के बारे में तो आपने हुत सुना होगा पर यूपी के बरेली में एक अनोखा विवाह देखने को मिला. बरेली में आयोजित एक कार्यक्रम में एक साथ हिन्दू, मुस्लिम और सिख समुदाय की गरीब लड़कियों का विवाह कराया गया. एक साथ जब घोड़ी पर बैठकर 58 दूल्हे निकले तो हर कोई इस अनोखी बारात को देखने लगा. लोगों के साथ-साथ शहर भी इस अनोखे सामूहिक विवाह कार्यक्रम का गवाह रहा. मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बरेली में श्री शिरडी साईं सेवा ट्रस्ट ने कम्पनी गार्डन में ये आयोजन किया था. इस मौके पर बरेली के जिलाधिकारी ने पहुंचकर सभी जोड़ों को आशीर्वाद दिया.
बरेली में साईं मंदिर से एक साथ अलग-अलग घोड़ियों पर सवार 58 दूल्हों के साथ जब बारात निकली तो देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. बैंड बाजों की धुन पर बाराती नाचते गाते हुए कम्पनी गार्डन पहुंचे. समाजसेवी पंडित सुशील पाठक ने एक साथ सभी 58 कन्याओं का कन्यादान करके एक पिता का फर्ज अदा किया. इस विवाह की ख़ास बात ये थी की इसमें 50 हिन्दू ,6 मुस्लिम और 2 सिख बेटियों का विवाह एक साथ हुआ. पंडित सुशील पाठक अब तक सैकड़ो गरीब लड़कियों का विवाह करवा चुके हैं.

हर साल सुशील पाठक श्री शिरडी साईं सेवा ट्रस्ट की तरफ से सामूहिक विवाह का आयोजन करते हैं लेकिन इस बार मुख्यमंत्री सामूहिक योजना का लाभ मिलने से इसमें चार चांद लग गए. साईं सेवा ट्रस्ट के ने भी सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का जरूरी सामान भी दिया गया. इस योजना के तहत लाभार्थी को 20 हजार रूपये नगद, 10 हजार रूपये का दहेज़ का जरूरी सामान और पांच हजार रूपये खाने-पीने में होने वाले खर्च के लिए दिए जाते हैं. संस्था ने 2012 में 11, 2013 में 14, 2014 में 21, 2015 में 21, 2016 में 51 जबकि 2017 में 36 गराब लड़कियों का विवाह कराया है. इस बार संस्था ने 58 लड़कियों का विवाह कराया है.
Source: IOCL
























