झारखंड: आरजेडी की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी बीजेपी में शामिल हुईं
झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अन्नपूर्णा देवी का बीजेपी में शामिल होना राज्य की सियासत को प्रभावित करेगा. उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा देवी झारखंड की लोकप्रिय नेता हैं.

रांची: झारखंरड आरजेडी की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी बीजेपी में शामिल हो गईं. झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सोमवार को कहा कि अन्नपूर्णा देवी के बीजेपी में शामिल होने से झारखंड की राजनीति पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. मुख्यमंत्री ने यहां एक बयान में कहा कि वर्तमान सरकार की कल्याणकारी नीतियों से प्रभावित हो कर विभिन्न दलों के नेता भी बीजेपी में शामिल हो रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘इस आम चुनाव में प्रधानमंत्री के नेतृत्व वाली सरकार की जनहित वाली नीतियों को देखते हुए मतदाता बीजेपी को भारी बहुमत देकर फिर से मोदी जी को प्रधानमंत्री बनायेंगे.’’
इससे पहले, आरजेडी की प्रदेश आरजेडी अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी और पूर्व विधायक जनार्दन पासवान आज बीजेपी में शामिल हो गये. दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, बीजेपी महामंत्री भूपेंद्र यादव और मुख्यमंत्री रघुबर दास ने इन नेताओं का पार्टी में स्वागत किया. भूपेंद्र यादव और रघुबर दास ने अन्नपूर्णा देवी और जनार्दन पासवान को बीजेपी कि सदस्यता दिलाई.
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि देश को फिर से मजबूत प्रधानमंत्री की आवश्यकता है. उन्होंने कहा, ‘‘अन्नपूर्णा देवी झारखंड की लोकप्रिय नेता हैं. इन्होंने जनहित की राजनीति की है. कांग्रेस, आरजेडी, जेएमएम, वाम दलों ने गांव, गरीब, पिछड़े, दलित, आदिवासियों के नाम पर राजनीति कर अब तक अपनी मतपेटी भरी है. लेकिन उनकी भलाई के लिए कुछ नहीं किया.’’ उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने सभी के हित के लिए काम किया है और उनके नेतृत्व में ही देश में सभी लोगों का कल्याण और विकास संभव है.’’
यह भी देखें























