Coronavirus: पीएम मोदी से नीतीश कुमार की गुहार, मेडिकल सुविधाओं में मदद करे केंद्र सरकार
वीडियो कांफ्रेंसिग में नीतीश कुमार ने बिहार की स्थिति बताई.बोले नीतीश, तब्लीगी जमात से लौटे लोगों को भी खोज रहे हैं.

पटना: नरेंद्र मोदी ने आज देश के अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्रियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के ज़रिये बात की. उन्होंने कोरोना वायरस से बचाव और लॉकडाउन को लेकर मुख्यमंत्रियों से चर्चा की. इस दौरान पीएम मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी बात की. नीतीश कुमार ने इस दौरान पीएम से मदद की गुहार लगाते हुआ कहा कि बिहार को मेडिकल सुविधाओं के लिए सरकार मदद करे.
मुख्यमंत्री ने शुरूआत में बिहार में कोरोना वायरस के आंकड़ों की जानकारी पीएम मोदी को दी. उन्होंने बताया कि 24 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं. वहीं 1 व्यक्ति की मृत्यु हुई है. 2 लोग कोरोना वायरस से रिकवर भी हुए है. नीतीश कुमार ने बताया कि विदेश से बिहार आए सभी लोगों पर हम ध्यान दे रहे हैं. साथ ही दूसरे राज्यों से बिहार आए लोगों को स्थानीय स्तर पर चिन्हित किया गया है.
बोले नीतीश, तब्लीगी जमात से लौटे लोगों पर विशेष नज़र
इन सबके अलावा नीतीश कुमार ने बताया कि तब्लीगी जमात से बिहार आए 112 लोगों की सूची हमें प्राप्त हुई थी. जिसमें से बिहार के 12 लोगों को ट्रेस किया जा चुका है.इनमें से कई लोग बिहार के बाहर ठहरे हुए है. 65 लोगों को ट्रेस करने में हम लोग लगे हुए है ताकि उनकी जांच कराई जा सके.
मेडिकल सुविधाओं में मदद मांगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा आग्रह दवाओं और तमाम मेडिकल सुविधाओं को लेकर है. लेबोरेट्री टेस्ट को प्रभावी बनाने के लिए भारत सरकार से अधिकृत टेस्टिंग किट्स और साथ उपयोग में आने वाली अन्य सामग्री जैसे बीपी आदि को समाहित करते हुए एक सेट के रुप में दिया जाए। साथ ही कोरोना की रोकथाम और उपचार के लिए मास्क, पी०पी०ई० किट, वेंटिलेटर और तमाम ज़रूरी मेडिकल उपकरणों की मांग मुख्यमंत्री ने की.
राजकोषीय घाटे को बढ़ाकर 4 फीसदी करने का आग्रह
मुख्यमंत्री ने अनुरोध करते हुए कहा कि एफआरबीएम एक्ट के हिसाब से राजकोषीय घाटे की सीमा 3 प्रतिशत है. हमारा अनुरोध होगा कि राजकोषीय घाटे की सीमा को 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 4 प्रतिशत या उससे भी अधिक कर दिया जाए.
सांसद निधि को कोरोना उन्मूलन कोष में डालने के लिए अनुरोध किया
कोरोना संक्रमण के उन्मूलन के लिए हमलोगों ने कोरोना उन्मूलन कोष का गठन किया है। जिसके अंतर्गत एमएलए और एमएलसी एक साल में 3 करोड़ की निधि में से 50 लाख कोरोना उन्मूलन कोष में ट्रांसफ़र करा दिया है. वहीं बिहार के राज्य सभा और लोकसभा के सांसदो से भी इस उन्मूलन कोष में धनराशि जमा कराने की अपील की बात उन्होंने पीएम मोदी से इस वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कही.
यहां पढ़ें
तब्लीगी जमात गतिविधियों में शामिल 960 विदेशियों को ब्लैक लिस्ट में डाला गया, वीजा भी रद्द
Source: IOCL























