रंगेहाथ पकड़ा गया महिला के गले से चेन छीनकर भाग रहा बदमाश, सरेआम हुई पिटाई

इलाहाबाद: इलाहाबाद में रोडवेज बस स्टेशन के गेट से एक महिला के गले की चेन छीनकर भाग रहे आरोपी को रंगेहाथ पकड़कर उसकी सरेआम जमकर पिटाई की गई. नाराज़ लोगों ने इस आरोपी पर बीच सड़क ही लात घूंसे और थप्पड़ बरसाए.
आरोपी का कॉलर पकड़कर उसे जमकर पीटा
पीड़ित महिला और उसके साथी ने भी इस आरोपी का कॉलर पकड़कर उसे जमकर पीटा और गले में पहनी हुई उसकी सोने की चेन को भी जबरन छीन लिया. इतना ही नहीं पीट-पीटकर अधमरा करने के बाद छिनैती के आरोपी को पुलिस के हवाले भी कर दिया.
सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा यह वीडियो
इस दौरान वहां मौजूद तमाशबीनों ने आरोपी की पिटाई का वीडियो अपने मोबाइल पर बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया है. हालांकि पिटाई और उसके बाद आरोपी युवक खुद को बेगुनाह बताता रहा. पिटाई का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.
इलाहाबाद का है यह वीडियो
वीडियो में साफ़ नजर आ रहा है कि रंगेहाथ पकडे जाने के बाद लोग छिनैती के आरोपी को बुरी तरह पीट रहे हैं. पिटाई का यह वीडियो इलाहाबाद शहर के पाश इलाके सिविल लाइंस में बस स्टेशन के बाहर का है.
जानें क्या हुआ था वहां ?
शुक्रवार को यहां एक महिला अपने परिवार वालों के साथ वाराणसी की बस पकड़ने के लिए पहुंची थी. ये लोग बस स्टेशन गेट पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे, तभी एक बाइक सवार युवक महिला के गले की चेन छीनकर भागने लगा. पीड़ित महिला ने शोर मचाया तो आगे मौजूद लोगों ने बाइक सवार को पकड़ लिया. पकड़ने के बाद उसकी जमकर पिटाई की गई और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया.























