योगी आदित्यनाथ की ताजपोशी पर इलाहाबाद के मुस्लिमों ने जताई खुशी

इलाहाबाद: इलाहाबाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने भीआदित्यनाथ योगी के सीएम बनने पर खुशी जताते हुए जश्न मनाया है. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आज सिविल लाइंस के सुभाष चौक पर सीएम आदित्यनाथ योगी की तस्वीरों को हाथ में लेकर नाचते- गाते हुए खुशियां मनाईं.
'यूपी में क़ानून का राज कायम होने का एहसास'
सिर पर टोपी लगाए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सीएम योगी की तस्वीर पर टीका लगाकर उनका अभिषेक किया और उन्हें जीत की मुबारकबाद दी. मुस्लिम युवाओं ने आदित्यनाथ योगी की तस्वीर को प्रतीकात्मक तौर पर मिठाई खिलाई और अपनी तरफ से उन्हें बधाई दी. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि तीन दिनों में ही उन्हें यूपी में क़ानून का राज कायम होने का एहसास हो गया है.
योगी के समर्थन में नारेबाजी
मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ बीजेपी के कुछ कार्यकर्ता भी थे. जश्न मनाते हुए मुस्लिम समुदाय के लोग यूपी में योगी योगी गूँज रहा है के नारे लगा रहे थे. इन लोगों ने बाद में योगी के समर्थन में नारेबाजी की और मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया. जश्न मनाने वाले मुस्लिम समुदाय के लोगों ने उम्मीद जताई कि योगी सरकार बिना किसी भेदभाव के काम करेगी और बयानबाजी के बजाय सिर्फ विकास के मुद्दे पर काम करेगी.
Source: IOCL

























