गोवा: कांग्रेस का दावा, पर्रिकर की सरकार गिराने के लिए BJP के तीन MLA हमारे संपर्क में
गोवा कांग्रेस के प्रवक्ता और विधायक दयानंद सोप्ते ने दावा किया कि बीजेपी के तीन विधायक पर्रिकर नीत सरकार को गिराने के लिए पार्टी में शामिल होने के लिए कांग्रेस के संपर्क में है.

पणजी: गोवा में कांग्रेस ने बुधवार को दावा किया कि सत्तारूढ़ बीजेपी के तीन विधायक उनके संपर्क में है, जिनकी सहायता से विपक्षी पार्टी मनोहर पर्रिकर की अगुआई वाली गठबंधन सरकार को गिराया जा सकता है. बीजेपी ने हालांकि इस दावे को खारिज करते हुए कहा कांग्रेस ‘‘मूर्ख’’ बना रही है. कांग्रेस गोवा के प्रवक्ता और विधायक दयानंद सोप्ते ने दावा किया,‘‘बीजेपी के तीन विधायक पर्रिकर नीत सरकार को गिराने के लिए पार्टी में शामिल होने के लिए कांग्रेस के संपर्क में है.’’
उन्होंने हालांकि विधायकों के नाम बताने से इनकार कर दिया. सोप्ते ने कहा,‘‘मैंने आज समाचार पत्रों में पढ़ा कि कुछ कांग्रेस विधायक बीजेपी के पास जा सकते हैं. जहां तक मेरा संबंध है, किसी ने मुझसे संपर्क नहीं किया है और न ही मैंने किसी से संपर्क किया है. ये बीजेपी द्वारा फैलाई गई अफवाहें हैं.’’
उन्होंने दावा किया कि इसके विपरीत, बीजेपी के तीन विधायकों ने हमसे संपर्क किया है. सोप्ते ने कहा कि यदि तीन विधायक आ गये तो संख्या कांग्रेस के पक्ष में हो जायेगी. उन्होंने कहा,‘‘यदि आप संख्या देखे तो कांग्रेस के 40 सदस्यीय सदन में 16 विधायक हैं. यदि उनके (बीजेपी) के तीन विधायक हमारे साथ आ जाते है तो हमारी संख्या 19 हो जायेगी.’’
सत्तारूढ़ बीजेपी के 14 विधायक हैं. जब इस संबंध में बीजेपी की गोवा इकाई के अध्यक्ष विनय तेंदुलकर से संपर्क किया गया तो उन्होंने सोप्ते के दावे को खारिज किया.
आपको बता दें कि बीमार मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर इलाज के लिए 30 अगस्त को अमेरिका गए थे. पर्रिकर कुछ महीने पहले भी खराब सेहत की वजह से छुट्टी पर रहे थे. कांग्रेस का कहना है कि पर्रिकर सहित 12 कैबिनेट मंत्रियों में से चार गंभीर बीमारियों से पीड़ित हैं, जिसके चलते वे पूरी क्षमता के साथ अपने आधिकारिक कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर पा रहे हैं. ऐसे में राज्यपाल सरकार को बर्खास्त करें. बीजेपी में भी गोवा का नेतृत्व बदलने के लिए अटकलें लगाती जाती रही हैं.
इलाज के लिए US गए मनोहर पर्रिकर, गोवा की कमान किसे मिले? इस पर अटकलें तेज
आपको बता दें कि गोवा में गठबंधन की सरकार है. सूबे में पिछले साल हुए चुनाव में किसी भी दल को पूर्ण बहुमत नहीं मिला था. कांग्रेस कुल 40 में से 17 सीटों पर जीत दर्ज कर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी. वहीं 13 सीटों के साथ बीजेपी दूसरे स्थान पर रही थी. हालांकि बाद में बीजेपी ने मनोहर पर्रिकर के नेतृत्व में गठबंधन कर सरकार बना ली. तब पर्रिकर केंद्र में रक्षा मंत्री थे और उन्होंने इस पद से इस्तीफा दे दिया था.



















