शिवसेना बोली- सुशांत मामले से आदित्य ठाकरे के तार जोड़ने की साजिश चल रही है
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि सुशांत सिंह राजपूत मामले से आदित्य ठाकरे के तार जोड़ने की साजिश कर रहे लोगों को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी.

मुंबई: सुशांत सिंह राजपूत मामले में बिहार से लेकर महाराष्ट्र तक राजनीति जारी है. इस बीच शिवसेना के नेता संजय राउत ने आरोप लगाया है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले से महाराष्ट्र के मंत्री और युवा सेना के अध्यक्ष आदित्य ठाकरे के तार जोड़ने की साजिश की जा रही है.
राउत ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन उन्होंने कहा कि विपक्ष को अब भी यह हजम नहीं हो हो रहा कि राज्य में शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में है.
इससे पहले खुद आदित्य ठाकरे ने कहा था कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मामले में उन्हें और उनके परिवार को बेवजह निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है.
संजय राउत ने कहा, ‘‘आदित्य ठाकरे को सुशांत सिंह राजपूत मामले से क्या लेना-देना. ऐसा लगता है कि विपक्ष को अब भी यह हजम नहीं हो रहा कि राज्य में शिवसेना के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में है.’’
उन्होंने कहा कि मामले से आदित्य ठाकरे के तार जोड़ने की साजिश कर रहे लोगों को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी. मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बेटे आदित्य ने मंगलवार को स्पष्ट किया था कि सुशांत सिंह राजपूत मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है और बिना कारण के उन्हें और उनके परिवार को निशाना बनाया जा रहा है.
उन्होंने कहा था कि अभिनेता की मौत के बाद गंदी राजनीति चल रही है और बिना किसी का नाम लिए कहा कि हताशा में ऐसे आरोप लगाए जा रहे हैं . अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को उपनगर बांद्रा में अपने फ्लैट पर मृत पाए गए थे.
Source: IOCL























