सिद्धू बोले- इमरान के प्रधानमंत्री बनने से सुधरेंगे भारत-पाक संबंध
नवजोत सिंह सिद्धू ने आज उम्मीद जताई कि इमरान खान के पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बनने से भारत- पाक संबंधों में सुधार आएगा. उन्होंने कहा कि वह इमरान के शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने को इच्छुक हैं.

चंडीगढ़: क्रिकेटर से नेता बने नवजोत सिंह सिद्धू ने आज उम्मीद जताई कि इमरान खान के पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बनने से भारत- पाक संबंधों में सुधार आएगा. उन्होंने कहा कि वह इमरान के शपथ ग्रहण समारोह में शरीक होने को इच्छुक हैं. पंजाब के मंत्री ने केंद्र सरकार से इजाजत मिलने की ओर संकेत करते हुए कहा, “अगर मुझे अनुमति मिली, तो मैं निश्चित तौर पर जाउंगा. यह बहुत बड़ा सम्मान है.”
सिद्धू ने कहा कि मेरी निजी राय है कि खिलाड़ी बाधाओं को तोड़ते हैं. वे लोगों को एकजुट करते हैं. मैं इमरान खान में एक महान खिलाड़ी देखता हूं और उन्हें ऐसे व्यक्ति के तौर पर देखता हूं जो मानवता के लिए हमेशा अच्छा करेंगे. मुझे बड़ी उम्मीदें हैं कि संबंधों में सुधार होगा. उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि यह एक नया युग हो सकता है. पंजाब सरकार में मंत्री ने कहा कि खान के प्रधानमंत्री बनने के बाद पाकिस्तान के ननकाना साहिब में अगले साल गुरू नानक देव की 550 वीं जयंती के समारोहों को देखने का सपना हकीकत में तब्दील हो सकेगा.
भाजपा सांसद सुब्रहमण्यम स्वामी ने वहीं न्यौता स्वीकार करने को लेकर उनकी आलोचना करते हुए कहा कि वहां (शपथ ग्रहण समारोह में) जाने का सिद्धू का फैसला जोखिम भरा है क्योंकि इमरान नीत सरकार आतंकवादियों के लिए एक मोर्चा होगी. हालांकि, सिद्धू ने पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर को एक “यूनानी देवता” और एक “शुद्ध आत्मा” भी बताया. सिद्धू का नाम उन भारतीय हस्तियों में शामिल है जिन्हें खान के शपथ समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है. उनके अलावा आमिर खान और पूर्व क्रिकेटरों कपिल देव और सुनील गावस्कर को भी न्यौता भेजा गया है.
गौरतलब है कि पाकिस्तान में 25 जुलाई को हुए आम चुनाव में खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक ए इंसाफ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है. ऐसी रिपोर्टे हैं कि खान ने 11 अगस्त को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने की बात कही है.
सम्मान का मतलब यह नहीं कि मैं चुप रहूंगा: सिद्धू
पंजाब के मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने आज कहा कि वह मुख्यमंत्री अमरिन्दर सिंह द्वारा लिये गये निर्णयों का सम्मान करते है लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह चुप बैठे रहेंगे. क्रिकेटर से राजनेता बने सिद्धू ने कहा कि वह उन लोगों के लिए उत्तरदायी है जिन्होंने हमें 'मूक और बधिर' बनने के लिए वोट नहीं दिये हैं. उन्होंने कहा कि मैं लोगों के प्रति जवाबदेह हूं. मैं सीएम साहब का सम्मान भी करता हूं. उनकी राय उनकी है और मेरे पास अपनी राय है.
पूर्व की बादल सरकार के खिलाफ कई आरोप लगाने वाले सिद्धू ने कहा, 'यदि कोई राजनेता या अधिकारी राज्य को लूटने में शामिल पाया जाता है तो उसे मुक्त नहीं किया जाना चाहिए. उसकी संपत्तियों को कुर्क किया जाना चाहिए. गलत करने वालों को दंडित करना न्याय है. मैं इसे प्रतिशोध नहीं मानता हूं. मैं इसे न्याय समझता हूं.' सिद्धू ने कहा कि मैं ‘सीएम साहब’ का सम्मान करता हूं क्योंकि उनका फैसला अंतिम है.’’
अवैध कालोनियों के नियमितीकरण की नीति पर सिद्धू ने कहा,‘‘हम मुख्यमंत्री द्वारा लिये जाने वाले किसी भी फैसले का पूरा सम्मान करते हैं. लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि मैंने चुप्पी साध ली है.’’ उन्होंने पूछा,‘‘ क्या लोगों ने मूक बधिर बनने के लिए हमे वोट दिया था?’’आम आदमी पार्टी में चल रही खींचतान के मुद्दे पर सिद्धू ने आरोप लगाया कि यह पार्टी अकाली दल की ‘टीम बी’ है.
सिद्धू ने विश्वास जताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अगले प्रधानमंत्री बनेंगे. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी युवाओं को रोजगार समेत अपने वादों को पूरा करने में विफल रहे है. कश्मीर पर पाकिस्तान के भावी प्रधानमंत्री इमरान खान के रूख पर प्रतिक्रिया पूछे जाने पर सिद्धू ने कहा कि वह इस मुद्दे पर हमेशा भारत सरकार के साथ है.
यह भी पढ़ें- इमरान के शपथ समारोह में गावस्कर, कपिल, सिद्धू, और आमिर को बुलावा, स्वामी बोले- जो जाएगा वो आतंकवादी गुरुग्राम: मुस्लिम लड़के की जबरन कटवाई गई दाढ़ी, मना करने पर सैलून वाले को भी पीटा मुसलमानों की जनसंख्या बढ़ रही है इसलिए घुसपैठ बढ़ रही है: निशिकांत दुबे मुजफ्फरपुर रेप कांड: लेफ्ट-आरजेडी का बिहार बंद, जहानाबाद में रोकी जनशताब्दी 




















