राहुल गांधी ने PM मोदी का वीडियो जारी कर कसा तंज, कहा- आप भी अर्थव्यवस्था पर मास्टरक्लास सुनें
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए कहा कि रुपये ने सर्वोच्च नेता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है, क्योंकि वह ऐतिहासिक निचले स्तर पर पहुंच चुका है. आप सर्वोच्च नेता का अर्थव्यवस्था पर मास्टरक्लास सुनें.

नई दिल्ली: डॉलर के मुकाबले रुपये की कीमत में ऐतिहासिक गिरावट पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है. उन्होंने पीएम मोदी के पुराने बयानों की याद दिलाते हुए कहा कि रुपये का सर्वोच्च नेता पर से भरोसा उठ गया है. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वीडियो ट्विटर पर साझा करते हुए कहा, "रुपये ने सर्वोच्च नेता के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया है, क्योंकि वह ऐतिहासिक निचले स्तर पर पहुंच चुका है. आप सर्वोच्च नेता का अर्थव्यवस्था पर मास्टरक्लास सुनें, जहां वह विस्तार से बता रहे हैं कि रुपया क्यों गिर रहा है."
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो में रुपये की गिरावट को लेकर तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार पर निशाना साध रहे हैं. पीएम मोदी ने मनमोहन सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि रुपये में गिरावट की वजह आपकी भ्रष्ट राजनीति है.
The Indian #Rupee just gave the Supreme Leader, a vote of NO confidence, crashing to a historic low. Listen to the Supreme Leader's master class on economics in this video, where he explains why the Rupee is tanking. pic.twitter.com/E8O5u9kb23
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 14, 2018
लगभग पांच साल पहले मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री थे, उस वक्त उन्होंने इस वीडियो में कहा था कि जिस तरीके से डॉलर मजबूत हो रहा है और रुपया गिर रहा है, "अंतर्राष्ट्रीय व्यापार बाजार में भारत टिक नहीं पाएगा. हमारा आयात और निर्यात इसे झेल नहीं पाएगा. यहां तक कि सरकार भी इसके सामने टिक नहीं पाएगी."
उन्होंने कहा था, ''दिल्ली की सरकार जवाब नहीं दे रही है. देश जानना चाहता है प्रधानमंत्री जी कि क्या कारण है कि आज केवल हिंदुस्तान का रुपया डॉलर के मुकाबले गिरता ही चला गया. ये सिर्फ आर्थिक कारणों से नहीं हुआ है. ये आपकी भ्रष्ट राजनीति की वजह से हुआ है. मैं ये बहुत ही गंभीरता से आरोप लगा रहा हूं.''
अब एक बार डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिर रहा है. आज कांग्रेस विपक्ष में है. ऐसे में अब कांग्रेस केंद्र की मोदी सरकार पर विफलता का आरोप लगा रही है. आज भारतीय रुपया इतिहास में पहली बार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 70 के स्तर से नीचे फिसल गया.
राहुल गांधी ने कहा, 'नरम या कट्टर नहीं, हिंदू धर्म मानता हूं', BJP ने पूछा- हिंदुत्व पर विश्वास क्यों नहीं?























