शरद पवार पर बदले की कार्रवाई कर रही है सरकार, चुनाव से पहले यह राजनीतिक अवसरवाद है- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ''शरद पवार जी प्रतिशोध वाली सरकार के निशाने पर आए हैं.'' उन्होंने यह दावा भी किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पवार के खिलाफ हो रही कार्रवाई से राजनीतिक अवसरवाद की बू आती है.

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के दिग्गज नेता और एनसीपी के अध्यक्ष शरद पवार आज दोपहर दो बजे ईडी के दफ्तर जाएंगे. बैंक घोटाले में नाम आने के बाद पवार ईडी के सामने पेश होंगे. इसे लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके प्रति समर्थन जताया है. राहुल ने आरोप लगाया कि पवार को प्रतिशोध के तहत कारवाई करने वाली सरकार निशाना बना रही है. उन्होंने यह दावा भी किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पवार के खिलाफ हो रही कार्रवाई से राजनीतिक अवसरवाद की बू आती है.
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ''शरद पवार जी प्रतिशोध वाली सरकार के निशाने पर आए हैं. उनके खिलाफ कार्रवाई महाराष्ट्र में चुनाव से एक महीने पहले की जा रही है. इससे अवसरवाद की बू आती है.'' पवार ने गुरुवार को ट्वीट कर बताया था कि वो आज पेश होंगे, इसके साथ ही एनसीपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से ईडी ऑफिस के सामने इकट्ठा न होने की अपील की थी.

बता दें कि शरद पवार को ईडी ने पूछताछ के लिए नहीं बुलाया है, पवार खुद ही पेश होने जा रहे हैं. विरोध प्रदर्शन की आशंका के मद्देनजर ईडी दफ्तर के आसपास धारा 144 लगा दी गई है. राज्य की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) की शिकायत के आधार पर मुंबई पुलिस ने पिछले महीने ही एक केस दर्ज किया था. इसी आधार पर ईडी ने भी शरद पवार और अजीत पवार सहित कई नेताओं पर मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया है.
यह भी पढ़ें-प्याज की लगातार बढ़ती कीमतों ने निकाले आंसू, सोशल मीडिया पर बने मजेदार मीम्स
सार्क देशों की बैठक में नहीं मिले भारत-पाक विदेश मंत्री, पाकिस्तान ने जयशंकर के भाषण से मुंह चुराया























