अजित पवार के साथ राजभवन जाने वाले विधायकों की आपबीती, कहा- हमें तो पता ही नहीं था शपथ होने वाली है
राजेंद्र शिगणे उन विधायकों में से एक हैं जो अजित पवार के खेमे को छोड़ कर वापस आ चुके हैं. एबीपी न्यूज़ से एक्सक्लूसिव बातचीत में शिंगणे ने बताया कि हम कुल 10 विधायक थे, हमें बिल्कुल पता नहीं था कि हमें यहां क्यों लाया गया है.

मुंबई: महाराष्ट्र में आज अचानक सरकार का गठन हुआ. देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री और अजीत पवार ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इससे पहले कोई कुछ समझ पाता सब हो चुका था. कैसे पूरा खेल रचा गया, इसकी जानकारी खुद आजित पवार के साथ राजभवन में मौजूद एनसीपी के उन विधायकों ने एबीपी न्यूज को बताई है.
एनसीपी के राजेंद्र शिंगणे ने बताया कि आज राजभवन में क्या होने वाला है, हमें इसकी कोई जानकारी नहीं थी. हम सिर्फ अजित पवार के कहने पर वहां गए थे.
राजभवन में अजित पवार के साथ जाने वाले बुलढाणा से विधायक राजेंद्र शिंगणे ने एबीपी न्यूज़ को बताया कि राजभवन में कुल 10 विधायक मौजूद थे. किसी भी विधायक को शपथग्रहण की जानकारी नहीं थी. अजित पवार का बर्ताव पसंद नहीं आया. शिंगणे ने कहा कि हम कुल 10 विधायक थे, हमें बिल्कुल पता नहीं था कि हमें यहां क्यों लाया गया है.
एनसीपी के विधायक सुनील भूसारा ने बताया कि अजित पवार हमें धोखे से वहां ले गए थे. हमें इस बाबत कोई जानकारी नहीं थी.
इससे पहले एनसीपी-शिवसेना ने साझा प्रेस कांफ्रेंस में शरद पवार ने कहा कि जो विधायक सुबह अजित पवार के साथ राजभवन गए थे, वह अब मेरे साथ हैं. राजभवन जाने वाले विधायक राजेंद्र शिंगणे भी इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद हैं. शरद पवार ने कहा कि अजित पवार ने 54 विधायकों का समर्थन पत्र दिखाकर झूठी शपथ ली है.
कांफ्रेंस में शरद पवार ने कहा कि अजित पवार कुछ विधायकों के साथ राजभवन गए थे. मुझे अजित के शपथ लेने की खबर सुबह मिली थी. बीजेपी को समर्थन करने का फैसला अजित पवार ने खुद लिया था. एनसीपी अजित के फैसले के साथ नहीं है. हमें जो एक्शन लेना होगा वो हम लेंगे. बीजेपी को हमारा समर्थन नहीं है.
अजित पवार पर कार्रवाई के सवाल पर शरद पवार ने कहा कि इसपर फैसला पार्टी की बैठक में लिया जाएगा.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उद्धव ठाकरे ने कहा कि चोरी छिपे सरकार बनाई गई है. देश में लोकतंत्र के नाम पर खेल हो रहा है और सारा देश ये खेल देख रहा है. हमने जनादेश का सम्मान किया है. नई सरकार सदन में बहुमत साबित नहीं कर पाएगी. बीजेपी लोगों को तोड़ती है और हम लोगों को जोड़ते हैं. उद्धव ने कहा कि हमारी राजनीति टीवी चैनलों पर नहीं होती, शिवसेना जो करती है खुलेआम करती है.
कभी चक्की पीसिंग की चेतावनी और अब सत्ता की गलबहियाँ, ऐसे ट्रोल हो रहे हैं फडणवीस
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले उद्धव ठाकरे: यह महाराष्ट्र पर सर्जिकल स्ट्राइक, लोग इसका बदला लेंगे






















