इस साल के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंचा पेट्रोल का दाम, मुंबई में 70 के पार बिक रहा है डीजल
पेट्रोल की कीमतों ने इस साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. आज दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल 74 रुपये 13 पैसे की दर से बिक रहा है. तेल की कीमतों में तेजी की बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होना है.

नई दिल्ली: पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार आठवें दिन बढ़े. इसी के साथ पेट्रोल का दाम इस साल के सबसे उच्चतम स्तर पर पहुंच गया. तेल कंपनियों ने आज दिल्ली में पेट्रोल की कीमत में 22 पैसे और डीजल की कीमत में 14 पैसे की बढ़ोतरी की. इसके बाद एक लीटर पेट्रोल 74 रुपये 13 पैसे और डीजल 67 रुपये 7 पैसे का हो गया. मुंबई की बात करें तो आज यहां एक लीटर पेट्रोल 79 रुपये 79 पैसे और डीजल 70 रुपये 37 पैसे प्रति लीटर की दर से बिक रहा है.
तेल की कीमतों में 11 सितंबर से बढ़ोतरी देखी जा रही है. 11 तारीख को एक लीटर पेट्रोल की कीमत दिल्ली में 71 रुपये 76 पैसे थी. वहीं डीजल 65 रुपये 14 पैसे की दर से बिक रहा था. यानि पिछले 13 दिनों में पेट्रोल की कीमत में दो रुपये 37 पैसे और डीजल की कीमत में 1 रुपये 93 पैसे की तेजी आई है.
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है. कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने शायरना अंदाज में ट्वीट कर कहा, ''जमाना गौर से फसाने तेरे सुनता रहा, पेट्रोल बढ़ता रहा, रुपया गिरता रहा.''
तेल की कीमतों में आई तेजी की एक बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होना है. इसी महीने 14 सितंबर को सउदी अरब की सरकारी तेल कंपनी सउदी अरामको के तेल संयंत्रों पर ड्रोन हमले होने के बाद अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में बीते सोमवार को यकायक तकरीबन 20 फीसदी का उछाल आया जोकि 28 साल बाद आई सबसे बड़ी एक दिनी तेजी थी.



















