मुंबई: 31 दिसंबर को लेकर पुलिस ने की तैयारी, रात 11 बजे के बाद घर से बाहर पार्टी करते पाए जाने पर होगी कार्रवाई
इस बार मुंबई में 31 दिसंबर को धारा 144 लागू किया गया है. पांच से ज्यादा लोग एक जगह इकट्ठा नहीं हो पाएंगे. मुंबई के डीसीपी ने एबीपी न्यूज़ को बताया कि पुलिस की साप्ताहिक छुट्टी रद्द कर दी गई है. 31 दिसंबर को 40 हजार से ज्यादा पुलिस फोर्स मुंबई की सड़कों पर रहेंगे.

मुंबई: नए साल के मद्देनजर मुंबई पुलिस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. पूरे भारत से कई लोग मुंबई में 31 दिसंबर को लोग पार्टी करने आया करते हैं लेकिन इस बार हर साल जैसा माहौल नहीं होगा. लोगों को मुंबई में नाइट कर्फ्यू के चलते 11 बजे के बाद अपने अपने घरों में जाना पड़ेगा.
इन अवसरों पर मुंबई रूफ टॉप पार्टी और बोट पार्टियों के लिए काफी चर्चित होती है. इस बार मुंबई पुलिस ड्रोन के माध्यम से हर ऊंची इमारत की टैरेस और समुंदर में बोट्स पर नज़र रखेगी. आपको बता दें कि पुलिस अब ड्रोन से लोगों पर नजर रखेगी और नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर आईपीसी की धारा 188 और डिजास्टर मैनेजमेंट के तहत मामला भी दर्ज करेगी.
इस बार मुंबई में 31 दिसम्बर के दिन धारा 144 लागू किया गया है. जिसमें 5 से ज्यादा लोग एक जगह पर इकट्ठा नहीं रह सकते और ऐसा पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. डीसीपी एस चैतन्य ने एबीपी न्यूज़ से बातचीत में बताया कि हमने पुलिस की साप्ताहिक छुट्टी रद्द कर दी है. उस दिन 40 हजार से ज्यादा की पुलिस फोर्स मुंबई के सड़कों पर होगी जिसमे ईव टीजिंग स्क्वाड, एंटी नारकोटिक्स सेल, सोशल सर्विस ब्रांच, एंटी टेरोरिस्ट सेल, बीडीडीएस की पांच टीम, क्यूआरटी की 5 टीम, एसआरपीएफ की 9 प्लाटून (हर प्लाटून में 35 लोग होते हैं), 600 होम गार्ड, स्ट्राइकिंग फोर्स की 5 टीम (हर टीम में 20 लोग होते हैं, आरसीपी की 2 टीम, 4 ड्रोन और 188 जगहों पर नाकाबंदी लगाई जाएगी जहां पर ड्रंक एंड ड्राइव की जांच भी की जाएगी.
पुलिस की मानें तो 11 बजे के बाद हर कोई अपने घर चला जाये. अगर वो ऐसा नहीं करेंगे तो उनपर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फोर व्हीलर कार में 4 लोग यात्रा कर सकते हैं. हर किसी को मास्क लगाना अनिवार्य होगा.
सौरव गांगुली BJP ज्वाइन करेंगे या नहीं? राज्यपाल से मुलाकात के बाद पूर्व क्रिकेटर ने तोड़ी चुप्पी
Source: IOCL


























