मणिपुर में आतंकी हमले में शहीद जवान भूपाल सिंह का अंतिम संस्कार आज

देहरादून: देश का एक और जवान शहीद हो गया. मणिपुर में आतंकी हमले में शहीद हुए हवलदार भूपाल सिंह का आज उत्तराखंड में उनके पैतृक गांव दिनेशपुर मदनापुर में अंतिम संस्कार होगा.
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर के दिनेशपुर मदनापुर गांव के रहने वाले जवान भूपाल सिंह मणिपुर में आतंकियों से लड़ते हुए शहीद हो गए. आज उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. 40 साल के भूपाल सिंह असम राइफल्स में हवलदार थे और मणिपुर में थौबाल में आतंकियों से लोहा लेते हुए शहीद हो गए.
भूपाल सिंह बेहद बहादुर थे अपनी आखिरी सांस तक वो देश के लिए लड़े और दो आतंकियों को ढेर कर दिया. पूरा गांव भूपाल सिंह की शहादत पर आंसू बहा रहा है. आसपास के लोग उनके घर पहुंच रहे हैं.
शहीद भूपाल सिंह के खून में ही देशसेवा और बहादुरी थी. उनके पिता स्वर्गीय चंद्र सिंह भी सेना में थे पांच भाइयों में भूपाल तीसरे नंबर के थे. शहीद भूपाल के छोटे भाई बलवंत सिंह बड़े भाई की शहादत से बेहद दुखी हैं, लेकिन उन्हें इस बात से बेहद गर्व हो रहा है कि उनके भाई ने देश के लिए अपनी जान दे दी. भूपाल सिंह के परिवार में पत्नी मीना, 17 साल का बेटा और 10 साल की बेटी है.
Source: IOCL
























