मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गोद लिए गांव में चुनाव जीती कांग्रेस-राकांपा
फडणवीस ने सरपंच चुनाव पर मुंबई में सवालों के जवाब में कहा, ‘‘मैंने इन गांवों के लोगों से कहा था कि (गांव को गोद लेना) मेरा राजनीतिक एजेंडा नहीं है.

नागपुर: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के गोद लिये हुए फेतरी गांव में ग्राम पंचायत चुनाव में ग्राम सरपंच के पद पर कांग्रेस -राकांपा समर्थित एक महिला उम्मीदवार ने जीत हासिल की है.
कांग्रेस-राकांपा गठबंधन की धनश्री धोमने मुख्यमंत्री द्वारा गोद लिये गए फेतरी गांव में सरपंच चुनी गयी हैं. यह गांव नागपुर के पास है. बीजेपी ने फेतरी ग्राम पंचायत चुनाव में नौ सीटों में पांच सीटें जीत ली.
बीजेपी को एक और झटका लगा, जब राज्य के ऊर्जा मंत्री और नागपुर के प्रभारी मंत्री चंद्रशेखर बवनकुले के नागपुर के कोरादी में गोद लिये गांव सुरादेवी में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुनील दुधपचारे की जीत हुयी.
बहरहाल फडणवीस ने सरपंच चुनाव पर मुंबई में सवालों के जवाब में कहा, ‘‘मैंने इन गांवों के लोगों से कहा था कि (गांव को गोद लेना) मेरा राजनीतिक एजेंडा नहीं है. एक गांव में अपनी रैली में मैंने ग्रामीणों से कहा भी वे अपना उम्मीदवार चुनने के लिए स्वतंत्र हैं. ’’
उधर, महाराष्ट्र में पहली बार एक ट्रांसजेंडर को ग्राम पंचायत में सरपंच चुना गया. दयानदेव शंकर कांबले सोलापुर जिले के मलशिरास तहसील के तरंगफाल ग्राम पंचायत के सरपंच निर्वाचित हुए.
Source: IOCL



























