महाराष्ट्र: बीजेपी-शिवसेना के बीच पेंच फंसा, संजय राउत बोले- ये भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से भी भयंकर
288 सीट वाली महाराष्ट्र विधानसभा में बीजेपी ने अब शिवसेना के सामने 120 सीटों का प्रस्ताव रखा है. लेकिन शिवसेना 144 सीट दिए जाने की मांग कर रही है. साल 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और शिवसेना अलग-अलग चुनाव लड़ी थीं.

नई दिल्ली: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी और शिवसेना के बीच गठबंधन फंस गया है. ऐसी उम्मीद जताई जा रही थी कि आज दोनों दल विधानसभा चुनाव के लिए सीटों का एलान कर सकते हैं. लेकिन शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा है कि सीट बंटवारे को लेकर कोई अल्टीमेटम नहीं है.
शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा, इतना बड़ा महाराष्ट्र है, ये जो 288 सीटों का बंटवारा है...ये भारत-पाकिस्तान के बंटवारे से भी भयंकर है. सरकार में होने की बजाय अगर हम विपक्ष में बैठते तो आज की तस्वीर कुछ और होती. हम सीटों पर जो भी तय करेंगे आपको बताएंगे.
दरअसल, 288 सीट वाली महाराष्ट्र विधानसभा में बीजेपी ने अब शिवसेना के सामने 120 सीटों का प्रस्ताव रखा है. लेकिन शिवसेना 144 सीट दिए जाने की मांग कर रही है. सियारी गलियारे में यह चर्चा है कि बीजेपी जितना भी शिवसेना पर दबाव बनाए लेकिन सच्चाई ये है कि बीजेपी शिवसेना का साथ नहीं छोड़ना चाहती. जहां एक तरफ शिवसेना का साथ बीजेपी के लिए जरूरी है कि वहीं शिवसेना भी ये जानती है कि गठबंधन नहीं हुआ तो उनके कई विधायक और नेता बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.
बता दें कि लोकसभा चुनाव के पहले ही बीजेपी और शिवसेना के बीच विधानसभा में 50-50 का फॉर्मूला तय किया गया था. लेकिन आज की स्थिति में बीजेपी ये मानती है कि उसे ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए लेकिन शिवसेना तय किए गए फॉर्मूले पर अड़ी हुई है. महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के तहत 21 अक्टूबर को वोट डाले जाएंगे. 24 अक्टूबर को नतीजे आएंगे. महाराष्ट्र में 288 सदस्यों वाली विधानसभा का कार्यकाल नौ नवंबर को खत्म हो रहा है.
साल 2014 में ये थे विधानसभा चुनाव के नतीजे
साल 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी और शिवसेना अलग-अलग चुनाव लड़ी थीं. उस वक्त बीजेपी 122 सीटें जीतने में कामयाब रही थी जबकि शिवसेना को 63 सीटें मिली थीं. 2014 के चुनाव में कांग्रेस 42 सीटें और एनसीपी 41 सीटें जीतने में कामयाब रही थी.
यह भी पढ़ें-
Viral Video: पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के साथ लड़के ने ली सेल्फी, सोशल मीडिया पर हुआ मशहूर
Source: IOCL



























