कश्मीर को हमारी 'कमजोरी' बना रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: राहुल गांधी

चेन्नई: कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की कश्मीर नीति को आड़े हाथ लेते हुए आरोप लगाया कि सरकार इस मुद्दे को ठीक से नहीं संभाल रही और राज्य, जो देश की ‘ताकत’ है उसे देश की ‘कमजोरी’ में बदल रही है.
राहुल ने कहा, ‘‘अपनी अक्षमता से और कश्मीर को राजनीतिक पूंजी के तौर पर इस्तेमाल करने की कोशिश में वे देश के लिए समस्या खड़ी कर रहे हैं.’’ कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि भारत सरकार और प्रधानमंत्री ‘‘कश्मीर को सरासर गलत तरीके से संभाल रहे हैं. कश्मीर भारत की ताकत है और वे इसे भारत की कमजोरी बना रहे हैं.’’ उन्होंने कश्मीर घाटी में मौजूदा अशांति के लिए मोदी सरकार को जिम्मेदार करार दिया.
राहुल ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली को छह-सात महीने पहले बताया था कि वे ‘‘कश्मीर से ठीक से नहीं निपट रहे हैं और वे इसे आग के हवाले कर रहे हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन जेटली ने मुझे अनसुना कर दिया और कहा कि कश्मीर में शांति है.’’
Source: IOCL

























