जेसिका की बहन सबरीना ने कहा- हत्यारे मनु शर्मा को किया माफ, रिहा किए जाने पर नहीं कोई आपत्ति
सबरीना ने तिहाड़ जेल के वेलफेयर ऑफिसर को एक चिट्ठी भेजी है, जिसमें लिखा है कि उन्हें पता चला है कि मनु शर्मा ने जेल में अच्छा काम किया है और जेल के अन्य कैदियों की मदद की है. ऐसा जानकर उन्हें लगता है कि मनु में बदलाव आया है. सबरीना ने आगे लिखा है कि अगर अब मनु को रिहा किया जाता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी.

नई दिल्ली: करीब 20 साल पुराने बहुचर्चित जेसिका लाल हत्याकांड में हत्यारे मनु शर्मा के लिए सबरीना लाल ने हमदर्दी जताई है. ये सबरीना लाल कोई और नहीं, बल्कि जेसिका लाल की बहन है. सबरीना लाल ने अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स को दिए अपने इंटरव्यू में कहा है कि उन्होंने मनु शर्मा को माफ किया. सबरीना लाल का कहना कि अगर मनु शर्मा को अब छोड़ दिया जाता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी. जेसिका लाल हत्या मामले में मनु आजीवन कारावास की सज़ा काट रहा है.
आपको बता कि अप्रैल 1999 में मनु शर्मा ने ड्रिंक नहीं मिलने पर बार संभाल रहीं जेसिका को गोली मार दी थी.
सबरीना ने तिहाड़ जेल के वेलफेयर ऑफिसर को एक चिट्ठी भेजी है, जिसमें लिखा है कि उन्हें पता चला है कि मनु शर्मा ने जेल में अच्छा काम किया है और जेल के अन्य कैदियों की मदद की है. ऐसा जानकर उन्हें लगता है कि मनु में बदलाव आया है. सबरीना ने आगे लिखा है कि अगर अब मनु को रिहा किया जाता है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी.
हालांकि, वेलफेयर ऑफिसर ने ये कंफर्म नहीं किया कि सबरीना लाल ने ऐसी कोई चिट्ठी लिखी है या नहीं.
मनु को अच्छा व्यवहार करने की वजह से ओपन जेल में रखा गया है. 41 साल के मनु को हर दिन अपना क्वाटर छोड़ने की इजाज़त है जहां वो काम के बाद शाम में लौट सकता है. तिहाड़ के डायरेक्टर अजय कश्यप ने एक टीवी चैनल को ये बात बताई थी कि पिछले छह महीनों से मनु ओपन जेल में रह रहा है. आगे कहा गया था कि वो लंबे समय से अच्छा व्यवहार कर रहा है और इसी की वजह से उसे ओपन जेल में शिफ्ट कर दिया गया है.
आपको बता दें कि मनु शर्मा एक नॉन प्रॉफिट ऑर्गेनाइज़ेशन चलाता है. ये कैदियों और उनके परिवार वालों के पुनर्वास का काम करने वाली संस्था है.



















