भारत ने पाकिस्तान के साथ बातचीत के दावे को खारिज किया, सिर्फ बधाई संदेश का जवाब दिया- विदेश मंत्रालय
बिश्केक में खत्म हुए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा था कि भारत के साथ उनके देश के संबंध शायद अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं.

नई दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान के साथ बातचीत के दावे को खारिज कर दिया है. पाकिस्तान दावा कर रहा था कि भारत उसके साथ बातचीत के लिए तैयार हो गया है. भारत ने साफ किया है कि हम अपने पड़ोसी देशों के साथ सामान्य और सहयोगी रिश्ते चाहते हैं. लेकिन पाकिस्तान से बातचीत का दावा झूठा है.
भारत ने सिर्फ बधाई संदेश का जवाब दिया-विदेश मंत्रालय
इस मामले में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा, ‘’सामान्य राजनयिक प्रक्रिया के तौर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने पाकिस्तान के बधाई संदेश का जवाब दिया है. अपने संदेश में भारत ने अपने पड़ोसी देशों के साथ जिनमें पाकिस्तान भी शामिल है, सामान्य और सहयोगी रिश्तों को तरजीह देने की बात कही है.’’
आतंकी विरोधी, हिंसा विरोधी रहा पीएम मोदी का संदेश- विदेश मंत्रालय
रवीश कुमार ने आगे कहा, ‘’पीएम मोदी के संदेश का मूलबिंदु विश्वास, आतंकी विरोधी, हिंसा विरोधी रहा, जबकि विदेश मंत्री एस जयशंकर के संदेश का सार आतंक और हिंसा मुक्त वातावरण के इर्द गिर्द रहा.’’
बता दें कि बिश्केक में खत्म हुए शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) से पहले पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा था कि भारत के साथ उनके देश के संबंध शायद अपने सबसे खराब दौर से गुजर रहे हैं. उन्होंने आशा जताई कि पीएम नरेंद्र मोदी कश्मीर सहित सभी मतभेदों को हल करने के लिए अपने प्रचंड जनादेश का उपयोग करेंगे.
यह भी पढ़ें-
गुजरात के पूर्व आईपीएस संजीव भट्ट को 22 साल पुराने मामले में मिली उम्रकैद की सजा
बिहार में चमकी बुखार का कहर जारी: अब तक 140 बच्चों की मौत, वैशाली में घर छोड़ रहे सैकड़ों परिवार नेहरू, इंदिरा के वंशजों ने योग का सम्मान नहीं किया, इसलिए कांग्रेस सत्ता से बाहर हुई: रामदेव


















