गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी की तुलना किम जोंग से की, कहा- देश तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेगा
दोनों पार्टियों के सूत्रों ने बताया कि झड़प में तीन व्यक्ति घायल हुए हैं. आगजनी, तोड़फोड़ और झड़प की घटना को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी से रिपोर्ट मांगी है.

कोलकाता: पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की रैली के बाद बीजेपी और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई. तृणमूल कांग्रेस पार्टी के एक कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना हुई. जिसके बाद बीजेपी कार्यकर्ताओं को ले जा रहे वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया. इस मामले को लेकर राजनाथ सिंह ने ममता सरकार से रिपोर्ट मांगी है. अब इसे लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी पर हमला बोला है. गिरिराज सिंह ने ममता बनर्जी की तुलना उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन से की है.
गिरिराज सिंह ने ट्वीट किया, ''अमित शाह जी की रैली में तोड़फोड़ ममता की घबराहट को दर्शाता है. ममता जी किंम जोंग के रास्ते पर चल रही है. देश तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेगा. इस देश ने इंदिरा गांधी की भी तानाशाही को देखा और उसे भी धूल चटाई है. ममता के भी दिन लद गए हैं, बंगाल में भी भाजपा लोकतंत्र बहाल करके रहेगी.''
अमित शाह जी की रैली में तोड़फोड़ ममता के घबराहट को दर्शाता है। ममता जी किंम जांग के रास्ते पर चल रही है..देश तानाशाही बर्दाश्त नहीं करेगा ..इस देश ने इंदिरा गांधी के भी तानाशाही को देखा और उसे भी धूल चटाया है। ममता के भी दिन लद गए हैं ,बंगाल में भी भाजपा लोकतंत्र बहाल करके रहेगा।
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) January 29, 2019
दोनों पार्टियां एक दूसरे पर लगा रही आरोप इस मामले में दोनों पार्टियों के सूत्रों ने बताया कि झड़प में तीन व्यक्ति घायल हुए हैं. आगजनी, तोड़फोड़ और झड़प की घटना को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और टीएमसी अध्यक्ष ममता बनर्जी से रिपोर्ट मांगी है. राज्य में बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कहा, ‘‘हमारे समर्थक जब अमित शाह की रैली से लौट रहे थे तो उन पर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हमला किया. यह शर्मनाक है. हम इसकी आलोचना करते हैं.''
दिल्ली में बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, “पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है. मैं उनकी रैली में शामिल हुई पार्टियों से पूछना चाहता हूं कि भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ हुई हिंसा पर उनका पक्ष क्या है.” तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि भाजपा राज्य की शांति और स्थायित्व को भंग करने की कोशिश कर रही है.
इससे पहले बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर करारा हमला करते हुए आरोप लगाए कि चिटफंड कंपनियों के मालिकों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पेंटिंग करोड़ों रुपये में खरीदी. इस आरोप पर पलटवार करते हुए सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस ने उनके खिलाफ मानहानि नोटिस भेजा.























