दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए साझा रैली करेंगे अमित शाह और नीतीश कुमार
बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार दिल्ली के विधानसभा चुनाव में एनडीए के प्रत्याशियों के लिए सभा करेंगे. इस दौरान मंच पर अमित शाह भी मौजूद होंगे.

Delhi Election 2020: दिल्ली चुनाव के लिए प्रचार अब चरम पर पहुंच रहा है. प्रचार के आखिरी हफ्ते में एनडीए अब अपनी पूरी ताकत झोंकने जा रही है. इसी के तहत अब बिहार के मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी मैदान में उतर रहे हैं....लेकिन अकेले नहीं.
अमित शाह और नीतीश कुमार की साझा रैली 2 फरवरी से नीतीश कुमार का चुनावी अभियान शुरू हो रहा है. दिल्ली में पार्टी के दो उम्मीदवार बुराड़ी और संगम विहार विधानसभा क्षेत्र से एनडीए गठबंधन की ओर से चुनावी मैदान में हैं. फिलहाल नीतीश कुमार इन्हीं दोनों क्षेत्रों में चुनाव प्रचार करेंगे . सबसे अहम सभा बुराड़ी विधानसभा में होगी जहां नीतीश कुमार केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी नेता अमित शाह के साथ साझा रैली करेंगे.
साझा रैली करके दोनों नेता दिल्ली में एनडीए की एकजुटता का संदेश देंगे. साझा रैली के पहले नीतीश कुमार बुराड़ी में अपने उम्मीदवार शैलेन्द्र कुमार के लिए रोड शो भी कर सकते हैं. अमित शाह के साथ रैली के बाद उसी दिन शाम को नीतीश बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ले साथ भी संगम विहार में साझा रैली करेंगे .
नीतीश बीजेपी उम्मीदवारों के लिए भी करेंगे प्रचार? अभी ये तय नहीं है कि नीतीश कुमार बीजेपी के उम्मीदवारों के लिए अलग से चुनाव प्रचार करेंगे या नहीं. पार्टी सूत्रों के मुताबिक़, इस बात की संभावना है कि नीतीश कुमार 3 फरवरी को कुछ बीजेपी उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे. ख़ासकर वैसी सीटों पर जहां बिहार से आए लोगों की तादाद बहुत है. इन सीटों में उत्तर पूर्व दिल्ली और पूर्वी दिल्ली की कुछ सीटें हो सकती हैं .
स्मृति ईरानी करेंगी प्रचार वहीं बीजेपी के नेताओं का जेडीयू उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार शुरू होने जा रहा है. इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी 31 अक्टूबर को संगम विहार विधानसभा क्षेत्र में प्रचार अभियान में हिस्सा लेंगी. अगले दिन यानि 1 फरवरी को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी इसी विधानसभा क्षेत्र के जेडीयू उम्मीदवार के लिए प्रचार करेंगे.
जेडीयू ने प्रशांत किशोर को बर्खास्त किया, अब इस पार्टी में शामिल होने की अटकलें तेज

















