COVID-19: दिल्ली में 384 तो मुंबई में 547 नए मामले सामने आए
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कोविड-19 की वजह से अब तक 64 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं मुंबई में इस वायरस ने अब तक 322 लोगों की जान ले ली है. देश में सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में हैं.

नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को कोविड 19 के 384 नए मामले सामने आए हैं और तीन लोगों की मौत हुई है. इसके साथ ही दिल्ली में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 4122 हो गई है. इसमें से 2802 एक्टिव केस हैं. दिल्ली में अब तक 1256 लोग इलाज के बाद ठीक हो गए हैं और 64 लोगों की मौत हुई है. वहीं मुंबई में कोरोना वायरस के मामले बढ़कर 8359 हो गए हैं. पिछले 24 घंटे में मुंबई में 547 नए मामले सामने आए हैं. मुंबई में कोरोना वायरस से अब तक 322 लोगों की मौत हो चुकी है.
दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 96
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 96 हो गई है. कंटेनमेंट जोन की लिस्ट से एक एरिया को हटाया गया है. अब तक कुल पांच एरिया को कंटेनमेंट जोन से हटाया जा चुका है. ये संख्या 100 तक पहुंच गई थी. फिलहाल दिल्ली के सभी 11 जिले रेड जोन में हैं. दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि 17 मई तक ये सभी जिले रेड जोन में बने रहेंगे. हालांकि, दिल्ली के कुछ इलाकों में छूट दी जा रही है.
दिल्ली के कपासहेड़ा इलाके में एक ही मकान में 41 केस
दिल्ली गुरुग्राम सीमा से सटे कपासहेड़ा इलाके में एक ही मकान में 41 लोग कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं. ये आंकड़ा बढ़ सकता है क्योंकि इसी बिल्डिंग के 100 लोगों की रिपोर्ट आनी बाकी है. इस इलाके में काफी घनी आबादी रहती है.
महाराष्ट्र में कोरोना के पॉजिटिव मामले 12000 के पार
भारत में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र ही है. शनिवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के 790 मामले सामने आए हैं. राज्य के स्वास्थ्य विभाग की जानकारी केे मुताबिक, पिछले 24 घंटे में महाराष्ट्र में 36 लोगों की मौत हुई है. पिछले 24 घंटे में जो 36 मौते हुई हैं इसमें 28 पुरुष औऱ आठ महिलाएं शामिल हैं. पूरे देश में कोरोना वायरस से अब तक 10000 से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं.
COVID-19: देश में अब तक 37776 पॉजिटिव केस, 10000 से अधिक लोग ठीक हुए, पढ़ें राज्यवार आंकड़े























