अमित शाह बोले- 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज से हर वर्ग सशक्त होगा, देश आत्मनिर्भर बनेगा
केद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी जी के नेतृत्व में भारत जिस तरह कोरोना से लड़ा है उसने पूरे विश्व को एक नयी दिशा दी है.

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश को कोरोना काल में छठी बार संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने 20 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक पैकेज का ऐलान किया है. अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा है कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत जिस तरह कोरोना से लड़ा है उसने पूरे विश्व को एक नयी दिशा दी है.
अमित शाह ने ट्वीट किया,'' मोदी जी के नेतृत्व में भारत जिस तरह कोरोना से लड़ा है उसने पूरे विश्व को एक नयी दिशा दी है. नये भारत ने इस चुनौतीपूर्ण समय में न सिर्फ अपने आपको मजबूती से संभाला बल्कि पूरी दुनिया को मदद भी पहुंचाई, जिससे आज विश्व का भारत को देखने का नजरिया ही बदल गया है.''
गृहमंत्री ने कहा,'' मोदी सरकार के हर निर्णय में देश और देशवासियों का हित केंद्र में रहा है. मोदी सरकार द्वारा घोषित किया गया लगभग ₹20 लाख करोड़ का विशेष पैकेज इसी को परिचायक है. जिसमें देश के गरीब, किसान, मध्यमवर्ग व व्यापारी वर्ग के हित समाहित हैं. इससे हर वर्ग सशक्त होगा और देश आत्मनिर्भर बनेगा.''
उन्होंने आगे लिखा,'' प्रधानमंत्री मोदी ने आज आवाहन किया है कि21वीं सदी भारत की सदी हो. इस वाक्य को अब सत्यता में बदलने का समय आ गया है और यह सिर्फ 130 करोड़ भारतीयों के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प से ही सम्भव है. हमे संकल्प लेना होगा कि अब आत्मनिर्भर भारत ही विश्व का नेतृत्व करेगा.''
अमित शाह आगे कहा,'' 130 करोड़ लोगों की शक्ति वाला भारत अगर ठान ले तो हर संकल्प सम्भव है. मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में अब हर भारतवासी को यह संकल्प लेना होगा कि वो बिना रुके-बिना थके भारत को आत्मनिर्भर बनाने में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देगा. भारत की आत्मनिर्भरता में पूरे विश्व का कल्याण निहित है.आज नरेंद्र मोदी जी ने एक विशेष अपील भी की इस विषम परिस्थिति में जहाँ सब कुछ बंद था. तब हमारे लोकल हमारे कठिन समय के साथी बने और हमें सहयोग किया. इसलिए अब समय आ गया है कि हम अधिक से अधिक लोकल प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल का संकल्प लें और अपने लोकल को ग्लोबल बनायें.''
पीएम मोदी ने किया आर्थिक पैकेज का ऐलान
आज पीएम मोदी ने देश को संबोधित करते हुए कहा, ''कोरोना संकट का सामना करते हुए, नए संकल्प के साथ मैं आज एक विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा कर रहा हूं. ये आर्थिक पैकेज, 'आत्मनिर्भर भारत अभियान' की अहम कड़ी के तौर पर काम करेगा.''
पीएम मोदी ने कहा कि इन सबके जरिए देश के विभिन्न वर्गों को, आर्थिक व्यवस्था की कड़ियों को, 20 लाख करोड़ रुपए का संबल मिलेगा, सपोर्ट मिलेगा. 20 लाख करोड़ रुपए का ये पैकेज, 2020 में देश की विकास यात्रा को, आत्मनिर्भर भारत अभियान को एक नई गति देगा.
Source: IOCL


























