कोरोना काल में छोटे शहरों में बढ़ी हवाई सफर करने वालों की संख्या, यहां जानिए आंकड़े
इस महीने दिल्ली-पटना रूट पर एयरलाइंस द्वारा कुछ पारंपरिक रूट्स से ज्यादा सीटों का आवंटन किया गया. नवंबर में इन दो शहरों के बीच 1 लाख 79 हज़ार सीटों पर यात्रियों ने सफर किया.

नई दिल्ली: देश में कोरोना वायरस के मद्देनज़र रेलवे कम मात्रा में ट्रेनों का संचालन कर रहा है, जिसका सकारात्मक असर अब हवाई सफर पर पड़ता नज़र आया है. 25 मई से दो महीने के लॉकडॉउन के बाद घरेलू हवाई सफर को फिर से शुरू किया गया था. अब पटना, गुवाहाटी, वाराणसी और श्रीनगर जैसे टियर 1 और नॉन मेट्रो शहर उन रूट्स में शामिल हो गए हैं, जिन पर पैसेंजर ट्रैफिक सबसे तेजी से बढ़ा है.
देश में घरेलू रूट्स पर लॉकडाउन के बाद से हवाई सफर का विकास किस तरह हो रहा है, उसको लेकर सामने आए डाटा में साफ है कि टियर 1 और नॉन मेट्रो शहरों के लोग अब ज्यादा हवाई सफर कर रहे हैं. घरेलू उड़ानों की टॉप 10 लिस्ट में एयरलाइंस कंपनियों द्वारा सीटों की संख्या आवंटित करने के मामले में इस महीने दिल्ली-पटना, दिल्ली-श्रीनगर और दिल्ली गुवाहाटी रूट्स ने कोलकाता-दिल्ली, मुंबई-हैदराबाद और बेंगलुरू-हैदराबाद रूट्स की जगह ले ली है.
इसके अलावा अक्टूबर 2019 के मुकाबले इस साल अक्टूबर में पटना, श्रीनगर और वाराणसी में घरेलू पैसेंजरों की संख्या 60 फीसदी ज्यादा रही है. छोटे शहरों में हवाई सफर करने वालों का तेज़ी से बढ़ने का मुख्य कारण रेलवे द्वारा ट्रेनों का कम संचानलन करना बताया जा रहा है. जानकारों का कहना है कि देश के कई हिस्सों में ट्रेनों का संचालन नहीं हो रहा है, जिस वजह से हवाई ट्रैफिक बढ़ा है. इसके अलावा पटना और श्रीनगर जैसे क्षेत्रों में इसके बढ़ने का एक खास कारण चुनाव से जुड़े सफर और अराइवल पॉलिसी में आई तब्दीली है.
इस महीने दिल्ली-पटना रूट पर एयरलाइंस द्वारा कुछ पारंपरिक रूट्स से ज्यादा सीटों का आवंटन किया गया. नवंबर में इन दो शहरों के बीच 1 लाख 79 हज़ार सीटों पर यात्रियों ने सफर किया, जिससे ये रूट इस वक्त देश का चौथा सबसे व्यस्त रूट रहा. इसके अलावा दिल्ली-हैदराबाद रूट पर 1.69 लाख, बेंगलूरू-मुंबई रूट पर 1.61 लाख और मुंबई-हैदराबाद रूट पर 1.03 लाख पैसेंजर ने हवाई सेवाओं का आनंद लिया.
कोरोना से पहले की स्थिति से तुलना करें तो अक्टूबर के महीने में पटना में पैसेंजरों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी हुई. पटना एयरपोर्ट पर पिछले साल अक्टूबर के मुकाबले घरेलू पैसेंजरों की संख्या इस साल अक्टूबर में लगभगर 80 फीसदी रही.
ये भी पढ़ें:
31 दिसंबर तक जारी रहेगा अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर बैन, कोरोना में तेज़ी के बीच DGCA का निर्देश कभी माराडोना के पिता गांव-गांव में घूमकर मवेशियां बेचा करते थे, सिर्फ 22 साल की उम्र में बने सबसे महंगे खिलाड़ी

















