'हमले से पहले नहीं मिली थी कोई धमकी’, टाइगर श्रॉफ ने क्राइम ब्रांच में दर्ज कराया बयान
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता का बयान दर्ज किया. आइए जानते हैं कि बयान दर्ज कराते हुए टाइगर ने क्या अहम जानकारी दी है?

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में बड़ी खबर सामने आ रही है. इस हमले में शामिल आरोपियों से लगातार पुलिस पूछताछ कर रही है, वहीं अब जानकारी मिली है कि मुंबई क्राइम ब्रांच ने हमले के बाद टाइगर श्रॉफ का भी बयान दर्ज किया था. आइए जानते हैं कि एक्टर ने अपना बयान दर्ज करते हुए क्या खुलासा किया है.
हमले के अगले दिन टाइगर से मिली क्राइम ब्रांच की टीम
एबीपी न्यूज को मिली जानकारी के मुताबिक टाइगर श्रॉफ से क्राइम ब्रांच ने हमले के अगले दिन यानी 19 अक्टूबर को मुलाकात की थी. जब क्राइम ब्रांच की टीम एक्टर से मिलने पहुंची तब अभिनेता घर पर नहीं थे, बल्कि वो हॉस्पिटल में जांच के लिए गए हुए थे. उसी वक्त क्राइम ब्रांच ने एक्टर का एक डिटेल्ड बयान दर्ज किया था.
टाइगर श्रॉफ का किसी तरह की धमकी मिलने से इनकार
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक क्राइम ब्रांच ने टाइगर से घटना से जुड़े मुख्य और अहम पहलुओं पर सवाल किए थे. अधिकारियों ने एक्टर से ये भी पूछा कि क्या उन्हें फायरिंग से पहले किसी तरह की धमकी मिली थी. हालांकि एक्टर ने हमले से पहले किसी भी तरह की धमकी मिलने से इनकार कर दिया.
18 अक्टूबर को टाइगर पर हुआ था हमला
बता दें कि 18 अक्टूबर की शाम को टाइगर पर जुहू के पुष्पा नरसी पार्क (ग्राउंड) पर हमला हुआ था. जब टाइगर फुटबॉल मैच खेलने के बाद अपनी कार में सवार होकर रवाना हो रहे थे तभी एक्टर की गाड़ी पर तीन बाइक सवार युवकों में से दो ने फायरिंग की थी. एक की बंदूक जाम हो गई, जबकी दूसरे युवक ने सात राउंड फायरिंग की. हमले में टाइगर सुरक्षित बच गए और सिर्फ मामूली चोट आई. जबकि उनका ड्राइवर और एक अन्य फैन घायल हो गया था.
सभी 11 आरोपियों पर लगा मकोका
हमले के अगले ही दिन पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोटा से अरेस्ट कर लिया था. इस केस में और भी कई लोग शामिल रहे. अब तक पुलिस टोटल 11 आरोपियों को अरेस्ट कर चुकी है. पुलिस ने सभी आरोपियों पर महाराष्ट्र का सख्त कानून MCOCA (महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम) लगा दिया है.






















