78 साल की उम्र में भी 15-16 घंटे काम कर रहे Amitabh Bachchan, 2021 में आएंगी कई बड़ी फ़िल्में
इन दिनों अमिताभ बच्चन गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 12’ की शूटिंग में दिन-रात व्यस्त हैं. वह 15-16 घंटे काम कर रहे हैं. इस गेम शो के अलावा अमिताभ की झोली में और कौन-कौन से प्रोजेक्ट्स हैं, आइए जानते हैं.

वर्क कमिटमेंट के मामले में अमिताभ बच्चन किसी भी यंगस्टर के लिए एक मिसाल साबित हो सकते हैं. 78 साल के होने के बावजूद आज भी अमिताभ काम के मामले में अच्छे-अच्छों को टक्कर देते हैं. कुछ महीनों पहले कोरोना पॉजिटिव होने के बाद बिग बी एक छोटा सा ब्रेक लेने के बाद काम पर लौट आए थे. इनदिनों अमिताभ बच्चन गेम शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 12’ की शूटिंग में दिन-रात व्यस्त हैं. वह 15-16 घंटे काम कर रहे हैं. इस गेम शो के अलावा अमिताभ की झोली में और कौन-कौन से प्रोजेक्ट्स हैं, आइए जानते हैं.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमिताभ जल्द ही अपनी अपकमिंग फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग में एक बार फिर जुटने वाले हैं. इस फिल्म में अमिताभ के साथ रणबीर कपूर और आलिया भट्ट मुख्य भूमिका में हैं. वहीं, ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग ख़त्म करते ही अमिताभ एक साई-फाई फिल्म की शूटिंग शुरू कर देंगे. ख़बरों की मानें तो इस फिल्म में अमिताभ के साथ दीपिका पादुकोण और प्रभास नज़र आने वाले हैं. इस फिल्म में अमिताभ की मुख्य भूमिका रहने वाली है और सुनने में आ रहा है कि एक्टर ने इस प्रोजेक्ट के लिए डेट्स भी लॉक करवा ली हैं.

इन दो फिल्मों के साथ ही अमिताभ डायरेक्टर विकास बहल ही कॉमेडी फिल्म ‘डेडली’ की शूटिंग शुरू करेंगे. खबर है कि यह एक कॉमेडी फिल्म है जिसकी कहानी एक अंतिम संस्कार के इर्द गिर्द बुनी गई है. इन प्रोजेक्ट्स के साथ ही अमिताभ डायरेक्टर नागराज मंजुले की ‘झुण्ड’ और रूमी जाफरी की ‘चेहरे’ में भी नज़र आने वाले हैं. कुल मिलाकर यह कहना गलत नहीं होगा कि अमिताभ और उनके फैन्स के लिए साल 2021 काफी हैपनिंग है.



























