Lok Sabha Election: शरद पवार चुनाव नहीं लड़ेंगे, माढ़ा सीट से उम्मीदवार बनने की अटकलें थीं
Lok Sabha Election 2019: पार्टी के कार्यकर्ता चाहते थे कि शरद पवार लोकसभा चुनाव लड़ें, लेकिन अब यह साफ हो गया है कि वह 2019 का चुनाव नहीं लड़ेंगे.

Lok Sabha Election 2019: लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान हो चुका है. तारीखों का एलान होने बावजूद भी अब तक महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी के बीच सीटों का एलान नहीं हुआ है. हालांकि एनसीपी प्रमुख शरद पवार ने एलान किया है कि वह 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे. इससे पहले शरद पवार ने कहा था कि वह कार्यकर्ताओं की मांग के चलते चुनाव ना लड़ने के फैसले पर विचार कर सकते हैं.
बता दें कि शरद पवार ने 2014 में चुनावी राजनीति से सन्यास लेने का फैसला किया था. 2014 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने के बाद वह राज्यसभा के सदस्य चुने गए थे. लेकिन पिछले कई दिनों से मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि शरद पवार कार्यकर्ताओं की मांग के चलते लोकसभा चुनाव लड़ सकते हैं. माढ़ा के सांसद ने शरद पवार के लिए अपनी सीट छोड़ने की बात भी कही थी.
एनसीपी के कार्यकर्ताओं का मानना था कि शरद पवार के लोकसभा चुनाव लड़ने की वजह से पार्टी ज्यादा सीट जीत सकती है. पहले पवार परिवार के चार लोगों के महाराष्ट्र से चुनाव लड़ने की खबरें भी थीं, लेकिन शरद पवार ने खुद इन्हें अफवाह बताया था.
हालांकि शरद पावर एलान कर चुके हैं कि उनकी बेटी सुप्रिया सुले महाराष्ट्र की बारामती सीट से ही चुनाव लडेंगी. सुप्रिया सुले 2009 में पहली बार यहां से सांसद चुनी गई थीं. 2014 में भी सुप्रिया सुले अपनी सीट बचाने में कामयाब रही थीं. सुप्रिया से पहले शरद पवार बारामती सीट से चुनाव लड़ा करते थे. पर 2009 में शरद पवार ने माढ़ा सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था.
बता दें कि महाराष्ट्र में 48 लोकसभा सीट हैं. 2014 में कांग्रेस और एनसीपी ने मिलकर चुनाव लड़ा था, पर सिर्फ 6 सीटें जीतने में कामयाब हुए थे. राज्य की बाकी 42 सीटें एनडीए के खाते में गई थीं.


















