लोकसभा चुनाव: कांग्रेस ने हरियाणा के लिए समन्वय समिति के गठन का फैसला वापस लिया
सूत्रों का कहना है कि जल्द ही कुछ बदलाव के साथ समिति का फिर से गठन किया जा सकता है. इस समन्वय समिति का अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बनाया गया था.

नई दिल्ली: कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शुक्रवार को हरियाणा के लिए 16 सदस्यीय समन्वय समिति का गठन किया, लेकिन कुछ घंटों के भीतर इस फैसले को वापस ले लिया. समिति के गठन के फैसले को वापस लेने की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. हालांकि, सूत्रों का कहना है कि जल्द ही कुछ बदलाव के साथ समिति का फिर से गठन किया जा सकता है.
इससे पहले कांग्रेस महासचिव और प्रदेश प्रभारी गुलाम नबी आजाद की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने समिति के गठन को स्वीकृति प्रदान की.
The list of Co-ordination Committee of Haryana may be treated as withdrawn. pic.twitter.com/OXKE57a8yf
— INC Sandesh (@INCSandesh) March 15, 2019
इस समन्वय समिति का अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बनाया गया था. इसमें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख अशोक तंवर, वरिष्ठ नेता रणदीप सुरजेवाला, कुमारी शैलजा, किरण चौधरी, कुलदीप बिश्नोई, अजय सिंह यादव और दीपेंद्र हुड्डा सहित 15 सदस्य शामिल थे.
लोकसभा चुनाव सात चरणों में 11 अप्रैल से 19 मई तक होंगे. वहीं गुरुवार 23 मई को नतीजों का एलान किया जाएगा. बता दें कि हरियाणा में 12 मई यानी सिर्फ एक चरण में ही वोटिंग होगी. राज्य में लोकसभा की 10 सीटें हैं.
छात्रों के साथ राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम पर तमिलनाडु सरकार ने दिए जांच के आदेश
यह भी देखें


















