एक्सप्लोरर
RIL के तिमाही नतीजों ने बनाया इतिहासः मुनाफा 17.4% बढ़कर 9516 करोड़ रुपये हुआ
वित्त वर्ष 2018-19 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू भी 54.5 फीसदी बढ़कर 156,291 करोड़ रुपये रहा है.

नई दिल्लीः रिलायंस इंडस्ट्रीज ने बुधवार को कहा कि इस वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसे 9516 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड शुद्ध मुनाफा हुआ. यह किसी भी तिमाही में कंपनी का सबसे ज्यादा मुनाफा है. इस जुलाई-सितंबर में कंपनी के शुद्ध मुनाफे में पिछले साल की इसी तिमाही की तुलना में 17.4 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है. कंपनी ने बयान जारी कर कहा है कि पिछले साल की इसी तिमाही में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शुद्ध मुनाफा 8109 करोड़ रुपये रहा था. राजस्व में भी देखा गया शानदार उछाल वित्त वर्ष 2018-19 की दूसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू भी 54.5 फीसदी बढ़कर 156,291 करोड़ रुपये रहा है. तिमाही दर तिमाही आधार पर देखें तो इससे पिछली तिमाही यानी वित्त वर्ष 2018-19 की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू भी 141,699 करोड़ रुपये रहा था. वहीं साल दर साल आधार पर देखा जाए तो पिछले साल की दूसरी तिमाही में कंपनी का राजस्व 101,169 करोड़ रुपये रहा था. वित्त वर्ष 2018-19 की दूसरी तिमाही 30 सितंबर 2018 को खत्म हुई है और जियो के ग्राहकों ने कस्टमर्स एक्वीजिशन के मामले में रिकॉर्ड कायम किया है. जियो के ग्राहकों की संख्या 25 करोड़ को पार कर गई है. वहीं कंपनी (जियो) का राजस्व पहली बार 10,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. कंपनी के कंसोलिडेटेड (संयुक्त) नतीजे देखें तो दूसरी तिमाही में इसका कैश प्रॉफिट 17.8 फीसदी बढ़कर 15,510 करोड़ रुपये हो गया है. कंपनी का प्रॉफिट बिफोर डेप्रिसिएशन, इंटरेस्ट और टैक्स 24.9 फीसदी बढ़कर 22,359 करोड़ रुपये पहुंच गया है.
और पढ़ें
Source: IOCL



























