बढ़ने लगे सोने-चांदी के दामः 160 रुपये चढ़कर 28,760 पर आया सोना

नई दिल्ली: मजबूत ग्लोबल संकेतों और घरेलू बाजार की बढ़ती खरीदारी के बीच दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना और चांदी की कीमतों में तेजी आई. सोने की कीमत 160 रुपये की तेजी के साथ 28,760 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई हैं. ध्यान रहे कि कल भी सोने में 30 रुपये की तेजी आई थी. सोने की गिन्नी भी 100 रुपये की तेजी के साथ 24,400 रुपये प्रति 8 ग्राम पर बंद हुई है.

क्यों बढ़ने लगे हैं सोने के दाम? बाजार सूत्रों के मुताबिक डॉलर कमजोर होने से कीमती मेटल्स को निवेशकों का कुछ सपोर्ट मिला है और घरेलू बाजार में इन्हें लोकल ज्वैलर्स की खरीदारी का समर्थन मिला है. ग्लोबल बाजारों में सिंगापुर में सोने की कीमत 0.51 फीसदी की तेजी के साथ 1243 डॉलर प्रति औंस हो गई और चांदी भी 0.03 फीसदी की तेजी के साथ 16.84 डॉलर प्रति औंस हो गई. वहीं राष्ट्रीय राजधानी, दिल्ली में सोना 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता की कीमत 160-160 रुपये के बढ़त के साथ क्रमश: 28,760 रुपये और 28,610 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई.
चांदी कीमतों पर भी पड़ा असर इंडस्ट्रियल यूनिट्स और सिक्का मैन्यूफैक्चर्रस की लिवाली बढ़ने के चलते चांदी की कीमत भी 400 रुपये की तेजी के साथ 39,000 रुपये के स्तर को लांघ गया. आज चांदी 39,300 रुपये प्रति किलोग्राम पर जा पहुंची है. सोने की तरह चांदी तैयार की कीमत 400 रुपये सुधरकर 39,300 रुपये प्रति किलो और चांदी साप्ताहिक डिलीवरी की कीमत 280 रुपये की तेजी के साथ 39,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई. चांदी सिक्कों की कीमत 1000 रुपये की तेजी के साथ (लिवाल) 70,000 रुपये और (बिकवाल) 71,000 रुपये प्रति सैंकड़ा पर बंद हुई.
देश के चार महानगरों में सोने, चांदी के भाव देश के चार महानगरों के सर्राफा बाजार में आज सोने, चांदी के बंद भाव देखें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने के दाम 28,760 रुपये प्रति 10 ग्राम पर, मुंबई में 28,285 रुपये प्रति 10 ग्राम, कोलकाता में 28,795 रुपये प्रति 10 ग्राम और चेन्नई में 27,210 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए हैं. वहीं चांदी के लिए दिल्ली में 39,300 रुपये प्रति किलो, मुंबई में 39,480 रुपये, कोलकाता में 39,800 रुपये और चेन्नई में 41,700 प्रति किलो पर बंद हुई है.
Source: IOCL
























