1 दिसंबर से सात रुपये महंगी हुई दिल्ली से हवाई यात्रा
हवाई मुसाफिरों के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से सफर करना अब 7 रुपये महंगा हो गया है. दरअसल पहले हर हवाई यात्रा के टिकट के साथ 70 रुपये पैसेंजर फ़ैसिलिटेशन फ़ीस के नाम पर वसूले जाते थे जिसे दस प्रतिशत बढ़ा कर अब 77 रुपये कर दिया गया है.

नई दिल्ली: हवाई मुसाफिरों के लिए दिल्ली एयरपोर्ट से सफर करना अब 7 रुपये महंगा हो गया है. दरअसल पहले हर हवाई यात्रा के टिकट के साथ 70 रुपये पैसेंजर फ़ैसिलिटेशन फ़ीस के नाम पर वसूले जाते थे जिसे दस प्रतिशत बढ़ा कर अब 77 रुपये कर दिया गया है.
कब से वसूली जाएंगी बढ़ी हुई टिकट दरें
1 दिसंबर से हवाई यात्रा का टिकट खरीदने पर ये नए नियम लागू होंगे. यानी पहली दिसम्बर से हर हवाई यात्रा के टिकट पर पहले की अपेक्षा 7 रुपये की अतिरिक्त रक़म वसूली जाएगी. बढ़ी दरें सिर्फ़ दिल्ली एयरपोर्ट पर लागू होंगी.
सुविधाएं मुफ़्त नहीं मिलतीं
दरअसल जब हम अपनी हवाई यात्रा का टिकट ख़रीदते हैं तो टिकट का पैसा दे कर हमें लगता है कि यही यात्रा का भाड़ा है. लेकिन असलियत ये है कि हमें हवाई किराए के साथ-साथ वो सभी सुविधाएं भी ख़रीदनी पड़ती हैं जो हमें एयरपोर्ट पर मिलती हैं.
ये दो बदलाव भी हुए हैं
अब तक लागू UDF (यूजर डेवलपमेंट फीस) अब नही वसूला जाएगा. लेकिन इसकी फ़ीस को अब एक्स-रे बैगेज स्क्रीनिंग चार्जेज़ के तहत वसूला जाएगा. अब तक UDF के तहत हवाई यात्रियों को 10 रुपये देने पड़ते थे. कुल मिला कर इन दोनों बदलावों का असर यात्री के टिकट पर अतिरिक्त बोझ के रूप में नहीं आएगा क्योंकि फ़ीस का नाम बदल गया है लेकिन फ़ीस वही है.
एयरपोर्ट इकनॉमिक रेगुलेटरी अथॉरिटी के इस नए आदेश का असर सिर्फ़ उन हवाई मुसाफ़िरों पर पड़ेगा जो दिल्ली एयरपोर्ट से यात्रा करेंगे. जिनकी हवाई यात्रा में दिल्ली एयरपोर्ट से आगमन या प्रस्थान नहीं है उनके टिकट पर ये नियम लागू नहीं होंगे. यदि किसी का हवाई जहाज़ सिर्फ़ दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड करता है लेकिन यात्री को उसी जहाज से आगे का सफ़र करना है तो उसके टिकट पर भी ये बढ़ी दर नहीं लागू होगी.
Source: IOCL

























