त्योहारी मांग से सोने के दाम में आया उछाल, चांदी में भी दिखी तेजी
डॉलर में दबाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में मजबूती रही. निवेशकों ने सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने को तरजीह दी.

नई दिल्लीः मजबूत वैश्विक रुख और लोकल कारोबारियों की तेज लिवाली से दिल्ली सर्राफा बाजार में आज सोना 250 रुपये से उछलकर 30,900 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया. इंडस्ट्रियल यूनिट्स और सिक्का मैन्यूफैक्चर्रर्स की मांग बढ़ने से चांदी भी 400 रुपये मजबूत होकर 38,250 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई.
क्यों आई सोने के दाम में तेजी? खबरों की मानें तो डॉलर में दबाव के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने में मजबूती रही. इसे देखते हुए निवेशकों ने सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में सोने को तरजीह दी.
दिल्ली और ग्लोबल बाजार में सोने के दाम राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता वाला सोना क्रमश: 250-250 रुपये बढ़कर 30,900 रुपये और 30,750 रुपये प्रति दस ग्राम पर रहा. हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,500 रुपये प्रति इकाई पर रही. वहीं शुक्रवार के कारोबार में सोना 30 रुपये चढ़ा था. वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में शुक्रवार को सोना 1.75 फीसदी बढ़कर 1,205.30 डॉलर प्रति औंस रही. इसके अलावा रक्षा बंधन के पहले लोकल ज्वैलर्स और खुदरा विक्रेताओं की निरंतर लिवाली से भी सोने के भाव में तेजी रही.
चांदी के कैसे रहे दाम सोने की तरह चांदी में भी तेजी देखी गई. चांदी हाजिर 400 रुपये उछलकर 38,250 रुपये प्रति किलोग्राम और साप्ताहिक डिलीवरी 380 रुपये चढ़कर 37,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 72,000 रुपये और 73,000 रुपये प्रति सैकड़ा के पहले स्तर पर रही. बता दें कि चांदी 2.14 फीसदी बढ़कर 14.77 डॉलर प्रति औंस पर रही.
Source: IOCL























