मुनाफावसूली के चलते सेंसेक्स 88 अंक गिरकर खुला

मुंबई: कारोबारियों की मुनाफावसूली के चलते बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज शुरुआती कारोबार में 88 कमजोर होकर खुला. यह शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गई है. एशियाई बाजार में कमजोर रुख के चलते यहां कारोबारी धारणा प्रभावित हुई है.
30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 88.05 अंक यानी 0.30 प्रतिशत गिरकर 28,751.74 अंक पर खुला है. रोजमर्रा की उपभोक्ता वस्तु, सूचना प्रौद्योगिकी, तकनीक, उर्जा, बैंक, ऑटो और पूंजीगत सामान की कंपनियों के शेयरों में गिरावट इसकी प्रमुख वजह है.
पिछले सत्र के कारोबार में सेंसेक्स 144.70 अंक गिरा था. इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 19.80 अंक यानी 0.22 प्रतिशत टूटकर 8,879.95 अंक पर खुला है.
ब्रोकरों के अनुसार वैश्विक बाजारों के कमजोर रहने के बीच कारोबारी धारणा नीचे रहने से निवेशकों की मुनाफा वसूली के चलते शेयर बाजार में गिरावट देखी गई है.
























