दुनिया में कहां-कहां चल रही E100 वाली कारें, इस मामले में भारत कहां?
दुनिया में एथेनॉल कारों का बढ़ा क्रेज, ब्राजील के बाद अब भारत में भी E100 गाड़ियों को हरी झंडी, जानिए किन देशों में है इनका दबदबा और भारतीय बाजार में कब से होगी इनकी एंट्री

देश में महंगे पेट्रोल से परेशान आम जनता और प्रदूषण से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने एक बहुत बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने भारत में 100 फीसदी इथेनॉल यानी E100 और E85 ईंधन को गाड़ियों में इस्तेमाल करने के लिए कानूनी मंजूरी दे दी है. केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में इस बड़े बदलाव के बाद अब देश में बिना एक बूंद पेट्रोल के सिर्फ इथेनॉल से चलने वाली कारों का रास्ता साफ हो गया है. इस ऐतिहासिक फैसले से न केवल प्रदूषण कम होगा बल्कि किसानों की आमदनी भी बढ़ेगी. आइए जानते हैं कि इस तकनीक में दुनिया के बाकी देश कहां हैं और भारत अब इस रेस में किस पायदान पर पहुंच गया है.
दुनिया में कहां चल रही E100 कारें?
अगर आपको लगता है कि E100 ईंधन पर कारें चलाने का विचार बिल्कुल नया है, तो ऐसा नहीं है. दक्षिण अमेरिकी देश ब्राजील इस मामले में पूरी दुनिया का लीडर है. ब्राजील में साल 1979 से ही E100 आधारित वाहन चल रहे हैं. आज ब्राजील की सड़कों पर दौड़ने वाली 80 प्रतिशत से ज्यादा गाड़ियां फ्लेक्स फ्यूल तकनीक पर काम करती हैं.
वहां के लोग एक ही कार में अपने मर्जी और जेब के हिसाब से चाहे पेट्रोल भरवाएं या एथेनॉल, गाड़ी का इंजन अपने आप ईंधन को एडजस्ट कर लेता है. ब्राजील के अलावा अमेरिका में भी बड़े पैमाने पर ऊंचे एथेनॉल ब्लेंड का इस्तेमाल किया जाता है.
भारत की स्थिति
इस रेस में भारत भी अब बहुत पीछे नहीं रह गया है. भारत सरकार ने हाल ही में केंद्रीय मोटर वाहन नियमों में संशोधन करते हुए E100 और E85 ईंधन को देश में वाहन ईंधन के रूप में कानूनी मंजूरी दे दी है. सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस नियामक ढांचे से जुड़ी फाइल पर हस्ताक्षर कर दिए हैं.
अब तक भारत पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल मिलाने यानी E20 के लक्ष्य पर काम कर रहा था, लेकिन इस नई मंजूरी के बाद अब देश में 100% इथेनॉल से चलने वाली गाड़ियों के कमर्शियल लॉन्च का कानूनी रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.
यह भी पढ़ें: Hyundai लॉन्च करने जा रही नई धांसू SUV, नेक्सॉन EV से होगा सीधा मुकाबला
भारतीय कार कंपनियों की तैयारी
सरकार से मंजूरी मिलते ही देश की बड़ी कार और बाइक कंपनियों ने अपनी कमर कस ली है. मारुति सुजुकी ने अपनी सबसे लोकप्रिय कार WagonR का फ्लेक्स-फ्यूल वर्जन पहले ही प्रदर्शित कर दिया है, जो E20 से लेकर E100 तक के किसी भी मिश्रण पर चल सकती है.
इसके अलावा टोयोटा, हुंडई, टाटा मोटर्स और एमजी मोटर जैसी दिग्गज कंपनियां भी भारतीय बाजार के लिए अपने खास E100 और फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल तेजी से विकसित कर रही हैं. दोपहिया वाहनों की बात करें तो हीरो मोटोकॉर्प ने भी अपनी इथेनॉल से चलने वाली मोटरसाइकिल पेश कर दी है.
यह भी पढ़ें: Jeep Compass का सबसे सस्ता ऑटोमैटिक वेरिएंट लॉन्च, जानें कीमत और फीचर्स






















