बिहार में कब से बिकेगा धान? जानें तारीख और MSP से जुड़ी जरूरी बातें
Paddy Procurement: बिहार में धान की सरकारी खरीद की तारीख तय हो गई है. उत्तर बिहार में 1 नवंबर से खरीद शुरू होगी. धान बेचने से पहले जान लें रजिस्ट्रेशन और एग्रीस्टैक आईडी से जुड़ी जरूरी बातें.

Bihar Paddy Procurement: धान की फसल तैयार होने के बाद किसानों को सबसे ज्यादा इंतजार अपनी उपज बेचने और उसका सही दाम मिलने का रहता है. बिहार के किसानों के लिए राहत की खबर है कि, राज्य सरकार ने धान की सरकारी खरीद की तारीख तय कर दी है. ऐसे में किसानों को अभी से अपनी तैयारी पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि फसल बेचते समय कोई परेशानी न हो.
इस बार सरकार ने सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है. अगर आप भी बिहार में धान बेचने की तैयारी कर रहे हैं, तो जान लीजिए रजिस्ट्रेशन कहां करना है और एग्रीस्टैक आईडी क्यों जरूरी है.
उत्तर बिहार में 1 नवंबर से शुरू होगी खरीद
बिहार सरकार ने धान खरीद की शुरुआत के लिए अलग-अलग तारीखें तय की हैं. उत्तर बिहार के किसान 1 नवंबर से सरकारी खरीद का लाभ ले सकेंगे, जबकि दक्षिण बिहार में खरीद 15 नवंबर से शुरू होगी. सरकार की कोशिश है कि किसान अपनी फसल तय दाम पर बेच सकें और उन्हें अपनी उपज के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े. खरीद केंद्रों पर कामकाज सही तरीके से हो और किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा गया है.
एक क्विंटल धान का कितना मिलेगा भाव?
सरकार ने धान की दो श्रेणियों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP तय किया है. सामान्य किस्म के धान का भाव 2,441 रुपये प्रति क्विंटल रखा गया है. वहीं, ग्रेड-ए धान बेचने वाले किसानों को 2,461 रुपये प्रति क्विंटल मिलेंगे. MSP का फायदा यह है कि किसानों को सरकारी खरीद के दौरान तय कीमत मिलती है. 
यह भी पढ़ें: सोयाबीन किसानों को राहत, भावांतर योजना में रजिस्ट्रेशन की तारीख बढ़ी
48 घंटे में भुगतान करने का निर्देश
सहकारिता मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि, पात्र किसानों को धान बेचने के बाद 48 घंटे के भीतर भुगतान किया जाए. इससे किसानों को अपनी फसल का पैसा पाने के लिए लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा. हालांकि, भुगतान तय समय में हो, इसके लिए किसानों को अपनी जानकारी और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी सही रखनी चाहिए.
धान बेचने से पहले बनवा लें एग्रीस्टैक आईडी
इस बार धान खरीद में किसानों की एग्रीस्टैक जानकारी का इस्तेमाल किया जाएगा. इसलिए सरकार ने किसानों को सलाह दी है कि वे पहले से अपनी एग्रीस्टैक आईडी बनवा लें. धान बेचने के इच्छुक किसान बिहार सरकार के आधिकारिक पोर्टल esahkari.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
अगर आपको कोई परेशानी हो तो आप रजिस्ट्रेशन और खरीद की प्रक्रिया में पैक्स और व्यापार मंडल के अध्यक्षों, प्रबंधकों व दूसरे पदाधिकारियों की मदद भी ले सकते हैं. किसानों के लिए बेहतर होगा कि वे समय रहते आवेदन पूरा कर लें और अपने जरूरी दस्तावेज तैयार रखें, ताकि खरीद शुरू होने पर कोई परेशानी न आए.
यह भी पढ़ें: PM Kisan: अक्टूबर में आएगी 24वीं किस्त या दिवाली का करना होगा इंतजार? जानें






















