Iran President Demise : ईरान के राष्ट्रपति की हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत | ABP News
ईरान के राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी और वहां के विदेश मंत्री होसैन अमीराब्दुल्लाहियान समेत नौ लोगों की हेलीकॉप्टर हादसे में रविवार (19 मई, 2024) को मौत हो गई है. उत्तरी क्षेत्र में सोमवार (20 मई, 2024) सुबह क्रैश साइट (पहाड़ियों वाले घने क्षेत्र) से एयरक्राफ्ट का मलबा मिलने के कुछ देर बाद यह पुष्टि हो सकी. समाचार एजेंसी 'रॉयटर्स' से बातचीत के दौरान नाम न बताने की शर्त पर ईरान के एक अधिकारी ने बताया, "ईरान के राष्ट्रपति, विदेश मंत्री और बाकी सभी लोग इस चॉपर हादसे में मारे गए हैं."देश की 'तसनीम' न्यूज एजेंसी के मुताबिक, नौ लोगों में तीन अफसर, एक इमाम और कुछ सिक्योरिटी टीम के सदस्य थे. इस बीच, आईआरजीसी की ओर से चलाए जाने वाले मीडिया आउटलेट 'सेपाह' के हवाले से सीएनएन ने बताया कि नौ लोगों में ईरानी राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी, विदेश मंत्री होसैन अमीराब्दुल्लाहियान, पूर्वी अजरबाइजान प्रांत के गवर्नर मालिक रहमती, इमाम मोहम्मद अली अलेहशाम, पायलट, को-पायलट, क्रू-चीफ, हेड ऑफ सिक्योरिटी और एक अन्य बॉडी गार्ड थे.





















