वैश्य वोटरों को साधने के लिए BJP कर रही वैश्य व्यापारी महाकुंभ का आयोजन, पीयूष गोयल भी होंगे शामिल
आगामी उत्तर प्रदेश चुनाव में 23% वैश्य समुदाय के वोटरों को लामबंद करने के लिए बीजेपी के वैश्य नेताओं ने ग़ाज़ियाबाद के कमला नेहरू नगर ग्राउंड में विराट वैश्य व्यापारी महाकुंभ का आयोजन किया है. 19 दिसम्बर को सुबह 11 बजे से शुरू इस सम्मेलन में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और बीजेपी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम में बीजेपी के राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, सुभाष चंद्रा, महेश पोद्दार के अलावा राज्यमंत्री अतुल गर्ग भी मौजूद रहेंगे. इस कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 ज़िलों के व्यापारियों और वैश्य समुदाय के लोगों को बुलाया गया है. कार्यक्रम के संयोजक सांसद डा. अनिल अग्रवाल के अनुसार, इस सम्मेलन में क़रीब 50 हज़ार लोगों के जुटने की व्यवस्था की गई है. अग्रवाल के मुताबिक़ उत्तर प्रदेश में वैश्य समुदाय का जनाधार 23 प्रतिशत का है. इस सम्मेलन में वैश्य समुदाय को उनकी जनसंख्या के मुताबिक़ सत्ता में हिस्सेदारी की भी बात की जाएगी.
























